🔴 ग्वालियर रेलवे स्टेशन से सराफा तक ऑटो में सफर के दौरान छूट गया था सूटकेस।
🔴 स्मार्ट सिटी कैमरों की मदद से ऑटो चालक का पता लगाकर फरियादी को सुरक्षित लौटाया गया पूरा सामान।
ग्वालियर। 26.06.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशन में ग्वालियर पुलिस द्वारा आमजन की सहायता एवं उनकी संपत्ति की सुरक्षा हेतु निरंतर तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों से भरा एक सूटकेस फरियादी को सुरक्षित वापस कराया है।
फरियादी राघवेंद्र रावत पुत्र श्री जगदीश रावत निवासी नरवर, जिला शिवपुरी, ग्वालियर रेलवे स्टेशन से एक ऑटो में बैठकर थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित सराफा तिराहे तक आए थे। इस दौरान उनका एक सूटकेस ऑटो में ही छूट गया, जिसमें लगभग 06 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात रखे हुए थे।

सूटकेस के ऑटो में छूट जाने की जानकारी होने पर फरियादी द्वारा तत्काल थाना कोतवाली पहुंचकर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक विनोद विनायक करकरे के निर्देश पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई। पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं आसपास लगे स्मार्ट सिटी कैमरों की सहायता से संबंधित ऑटो की पहचान की गई तथा ऑटो चालक का पता लगाकर उसे थाना बुलाया गया।
पुलिस द्वारा ऑटो चालक से पूछताछ करने पर उक्त सूटकेस सुरक्षित प्राप्त हुआ, जिसे नियमानुसार सत्यापन उपरांत फरियादी को सुपुर्द कर दिया गया। अपना लाखों रुपये मूल्य का सामान सुरक्षित वापस मिलने पर फरियादी एवं उनके परिजनों ने ग्वालियर पुलिस एवं थाना कोतवाली पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।
*सराहनीय भूमिका*:- उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक विनोद विनायक करकरे, प्र.आर. रविंद्र शर्मा, धर्मेंद्र सिसोदिया, आर. कैलाश की सराहनीय भूमिका रही।





