ग्वालियर। दिनांक 17.03.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर वाहन चोरों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के तारतम्य में अति0 पुलिस अधीक्षक ग्वालियर(पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर द्वारा अपने अधीनस्थ समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में चोरी गये वाहनों की बरामदगी कर चोरों को पकड़ने हेतु मुखबिर तंत्र विकसित करने के निर्देश दिये।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी लश्कर श्री मनीष यादव के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक मोहिनी वर्मा के द्वारा थाना बल की टीम को थाना क्षेत्र में चोरी गये वाहनों की बरामदगी कर चोरों को पकड़ने हेतु लगाया गया। दिनांक 16.03.2026 को थाना कोतवाली पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि थाना कोतवाली के अप क्रमांक 92/21 धारा 379 भादवि में एक्टिवा चोरी करने वाला शातिर चोर ग्राम सेमरी थाना मोठ जिला झांसी (उ.प्र.) में है।
उक्त सूचना पर पुलिस टीम को झॉसी भेजा गया। पुलिस टीम द्वारा झॉसी में थाना मोठ की पुलिस टीम से समन्वय स्थापित कर आरोपी की तलाश ग्राम सेमरी में की गई तो मुखबिर के बताये हुलिया का एक व्यक्ति खड़ा मिला, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गोकुल प्रसाद पुत्र परमानंद उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम सेमरी थाना मोठ जिला झांसी (उ.प्र.) का रहने वाला बताया। पकड़े गये व्यक्ति से थाना कोतवाली के अपराध सदर में चोरी गई एक्टिवा के संबंध में गहनता से पूछताछ की गई तो उसके द्वारा उक्त एक्टिवा को गुब्बारा फाटक लोहिया बाजार ग्वालियर से चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की निशादेही पर चोरी की एक्टिवा क्र. एमपी 07-एसएल-3275 को विधिवत जप्त किया गया। पकड़े गये वाहन चोर को पुलिस अभिरक्षा में लेकर ग्वालियर लाया गया, जहॉ उसे थाना कोतवाली के अपराध सदर में गिरफ्तार किया जाकर शहर में हुई वाहन चोरियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादी राकेश कुमार निवासी गुब्बारा फाटक लोहिया बाजार ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 17.04.2021 को दोपहर में उसने अपनी एक्टिवा को घर के बाहर लॉक लगाकर खड़ी की थी। जब शाम को देखा तो उसकी एक्टिवा रखे हुए स्थान पर नही मिली। जिसे कोई अज्ञात चोरी कर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना कोतवाली में अप0क्र0- 92/21 धारा 379 भादवि का पंजीबद्ध किया जाकर विवेचना में लिया गया था।
बरामद वाहनः- चोरी की एक्टिवा गाड़ी।





