ग्वालियर। 16.03.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी एवं उक्त प्रकरणों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त कार्यवाही के अनुक्रम में अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ग्वालियर श्री जयराज कुबेर द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी एवं घटनाओं में वांछित फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।
घटना का संक्षिप्त विवरण :- फरियादी विवेक सिंह (परिवर्तित नाम) निवासी गिजोर्रा जिला ग्वालियर ने दिनांक 11.03.2026 को थाना गिजोर्रा आकर रिपोर्ट लेख कराई कि वह अपने परिवार के साथ रहता है। दिनांक 11.03.2026 को रात्रि करीब 09 बजे वह व उसकी पत्नी खाना खाकर अपने कमरे में सो गये थे तथा उनकी पुत्री राजकुमारी(परिवर्तित नाम) व छोटी पुत्री घर के बगल वाले कमरे में सो रही थीं। रात्रि करीब 10 बजे मेरी पत्नी जागी और बच्चियों को देखने गई तो बड़ी पुत्री राजकुमारी(परिवर्तित नाम) कमरे में नहीं मिली। इस पर हम लोगों ने आसपास तलाश की। रात्रि करीब 12 बजे पड़ोस में रहने वाले नीरज कुशवाह के पिता जगदीश कुशवाह, अपने बेटे व मेरी पुत्री राजकुमारी(परिवर्तित नाम) को पकड़कर मेरे घर लेकर आए और बताया कि नीरज कुशवाह तुम्हारी बेटी को अपने घर ले गया था। इसे बाद मैने अपनी बेटी राजकुमारी(परिवर्तित नाम) से पूछताछ की तो उसने बताया कि पड़ोसी नीरज कुशवाह रात्रि करीब 10 बजे उसके घर के आंगन में आया और उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना गिजोर्रा में अप0क्र0 23/26 धारा 137(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पीड़िता राजकुमारी(परिवर्तित नाम) के कथन के आधार पर मेडिकल परीक्षण उपरांत थाना गिजोर्रा पुलिस द्वारा आरोपी नीरज कुशवाह के खिलाफ प्रकरण में धारा 65(1) बीएनएस 3/4 पॉक्सो एक्ट इज़ाफ़ा की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गिजोर्रा उप निरीक्षक उपेन्द्र सिंह धाकड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम को उक्त प्रकरण के आरोपी की पतारसी हेतु लगाया गया। दौराने विवेचना थाना गिजोर्रा पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना पर से आज दिनांक 16.03.2026 को उक्त प्रकरण में फरार आरोपी नीरज पुत्र जगदीश कुशवाह उम्र 21 साल नि ग्राम इकहरा थाना गिजोर्रा जिला ग्वालियर को ग्राम इकहरा से अभिरक्षा में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया जाकर प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।





