ग्वालियर दिनांक 15.03.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण :- दिनांक 13.03.2026 को थाना जनकगंज पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक अज्ञात व्यक्ति का शव लक्ष्मीगंज स्थित सुलभ शौचालय के पास नाले में पड़ा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की गई। जांच उपरांत मर्ग क्रमांक 15/2026 धारा 194 बीएनएसएस कायम कर मर्ग जांच प्रारंभ की गई। अज्ञात मृतक की पहचान के लिए उसके फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए एवं आसपास के लोगों को दिखाकर पहचान कराने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान दिनांक 14.03.2026 को मृतक के भाई कालू गौड निवासी पानी की टंकी के पास, तिघरा रोड, गोल पहाड़िया द्वारा शव की पहचान अपने भाई मोनू गौड पुत्र स्व. राजू गौड, उम्र 34 वर्ष के रूप में की गई। मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह पाया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मृतक के सिर में चोट पहुंचाकर उसकी हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया। जांच उपरांत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना जनकगंज में अपराध क्रमांक 68/2026 धारा 103(1) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

उक्त हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा मृतक की शिनाख्त कर अज्ञात आरोपी की पतारसी हेतु थाना प्रभारी जनकगंज को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक (पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर द्वारा जनकगंज पुलिस की टीम बनाकर उक्त अज्ञात मृतक व आरोपी की पतारसी करने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी लश्कर श्री मनीष यादव के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जनकगंज निरीक्षक अतुल सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस की टीम को लगाया गया।

दौराने विवेचना पुलिस द्वारा घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। मृतक मोनू गौड का शव जिस नाले में नग्न अवस्था में मिला था, उसके पास लगे कैमरे के फुटेज का अवलोकन करने पर पाया गया कि दिनांक 11.03.2026 को समय करीब 18ः26 बजे दो व्यक्ति घटना स्थल के पास बनी पुरानी सब्जी मंडी की दुकान के ऊपर जाने वाले रास्ते के दरवाजे को खोलकर अंदर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में आगे जाने वाला व्यक्ति लाल रंग की टी-शर्ट एवं काले रंग का पेंट पहने हुए दिखाई दे रहा है, जबकि उसके पीछे जाने वाला व्यक्ति काले रंग की शर्ट व काले रंग का पेंट पहने हुए तथा हाथ में सफेद रंग की पॉलिथीन में कुछ सामान लिए हुए दिखाई दे रहा है। दोनों व्यक्तियों द्वारा गेट खोलकर सीढ़ियों से ऊपर चढ़ते समय अंदर से लोहे का दरवाजा बंद करते हुए भी देखा गया। इसके बाद समय करीब 20ः45 बजे काले रंग की शर्ट व काले रंग का पेंट पहने हुआ व्यक्ति सीढ़ियों वाले लोहे के गेट को खोलकर बाहर निकलते हुए दिखाई दिया, जबकि लाल रंग की टी-शर्ट व काले रंग का पेंट पहने हुआ व्यक्ति उस सीढ़ी से वापस निकलता हुआ दिखाई नहीं दिया।

जांच के दौरान मृतक मोनू गौड की बहन द्वारा लाल टी-शर्ट पहने हुए व्यक्ति, जो वापस नहीं आया था, की पहचान अपने भाई मोनू गौड के रूप में की गई। इसके पश्चात पुलिस टीम द्वारा अज्ञात संदिग्ध व्यक्ति की लक्ष्मीगंज मंडी क्षेत्र में तलाश की गई। तलाश के दौरान मंडी में एक टीनशेड के नीचे सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए संदिग्ध से मिलता-जुलता व्यक्ति काले रंग की शर्ट, काले रंग की जीन्स पेंट तथा कंधे पर भगवा रंग की साफा डाले हुए दिखाई दिया।

उक्त व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम लल्ला पाल उर्फ करन पाल पुत्र स्व. नंदलाल पाल उम्र 26 वर्ष निवासी माधवनगर गेट नं. 01 के पास लक्ष्मीगंज, ग्वालियर होना बताया। पुलिस द्वारा उक्त संदिग्ध को अभिरक्षा में लेकर प्रकरण के संबंध में गहनता से पूछताछ की गई, जिस पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी से की गई पूछताछ में ज्ञात हुआ कि मृतक और आरोपी दोनों ही पल्लेदारी का काम लक्ष्मीगंज मंडी में करते थे और घटना दिनांक को दोनों ने साथ में शराब पी उसके बाद में एक ढाबे से खाना खरीद कर घटना स्थल पर पहुंचे तथा वहां दोनों ने खाना खाया उसके बाद दोनों के मध्य समलैंगिक संबंध बने, आरोपी के बताएं अनुसार इसके बाद दोनों में झगड़ा हुआ और उसी झगड़े में आरोपी ने छत से धक्का दे दिया जिससे नाले में गिर कर उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी को थाना जनकगंज पुलिस द्वारा विधिवत गिरफ्तार कर घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी :- लल्ला उर्फ करन पाल पुत्र स्व0 नंदलाल पाल उम्र 26 साल निवासी माधवनगर गेट नं. 1 लक्ष्मीगंज जिला ग्वालियर।

keyboard_arrow_up
Skip to content