🔴 आरोपी सूनसान जगहों पर खड़े बसों व डंपरों को निशाना बनाकर उनकी बैटरी चोरी करता था।
ग्वालियर। 21.09.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देश पर ग्वालियर जिले में चोरों की धरपकड़ हेतु अभियान चलाया जा रहा है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में अति0 पुलिस अधीक्षक(ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर द्वारा अधीनस्थ थानों को क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं की पतारसी कर आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के निर्देश दिये। इसी तारतम्य में थाना डबरा सिटी में लगातार कुछ बसों व सुनसान जगह पर खड़े डंपरों से बैटरी चोरी होने की शिकायत प्राप्त हो रही थी। जिस पर से एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डबरा सिटी उनि0 संजय शर्मा द्वारा थाना बल की एक टीम को उक्त बैटरी चोर को पकड़ने हेतु लगाया गया।

दौराने तलाशी पुलिस टीम को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि डबरा सिटी के अप.क्र. 544/26, 545/26 धारा 303(2) बीएनएस में बैटरी चोर मगरौरा तिराहा के पास खड़ा है एवं आने जाने वाले लोगों से औने पौने दाम पर बैटरी बेचने की बात कर रहा है। उक्त सूचना पर से पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो मगरौरा तिराहा पर मुखबिर के बताये हुलिया का एक व्यक्ति खड़ा मिला जो पुलिस को देख कर भागने लगा जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपेश उर्फ अजय रावत पिता रघुवीर सिंह रावत उम्र 21 साल निवासी ग्राम गधौटा थाना बेलगढा हाल वार्ड नंबर 11 भितरवार ग्वालियर का होना बताया।
पकड़े गये संदिग्ध व्यक्ति से उक्त चोरी के प्रकरणों में गहनता से पूछताछ करने पर उसके द्वारा गाडियों से बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया। पकड़े गये आरोपी के पास से उक्त प्रकरणों में चोरी गई अमरॉन बैटरी विधिवत जप्त कर आरोपी को थाना डबरा सिटी के अप.क्र. 544/26, 545/26 धारा 303(2) बीएनएस में गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा पकड़े गये आरोपी से अन्य बैटरी चोरियों के संबंध में गहनता से पूछताछ करने पर उसके द्वारा कई जगहों से बैटरी चोरी करना बताया। पकड़े गये आरोपी की निशादेही पर चोरी की अन्य 05 बैटरी व घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटर साइकिल को भी जप्त किया गया।
ज्ञात हो कि फरियादी अजब सिंह यादव निवासी ग्राम उचाड थाना गोराघाट जिला दतिया ने थाना डबरा सिटी में रिपोर्ट लेख कराई थी कि दिनांक 15.09.2026 को पारस नाथ फिलिंग स्टेशन डबरा पर उसकी बस खड़ी थी, जिसमें से कोई अज्ञात चोर बस में से दो बैटरी अमरॉन व एक्साइड कंपनी की चोरी कर ले गया है।
इसी प्रकार फरियादी कपिल मौर्य निवासी जवाहर कॉलोनी डबरा ने भी दिनांक 15.09.2026 को पारस नाथ फिलिंग स्टेशन के पास रोड पर खडी बस में से अज्ञात चोर द्वारा दो बैटरियां अमरॉन व एक्साइड कंपनी की चोरी करके ले जाने की रिपोर्ट लेख कराई थी।
जप्त मशरूकाः- चोरी की कुल 07 बैटरियां व घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटर साइकिल।





