ग्वालियर। 28.06.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) डॉ0 श्री शिवेश सिंह बघेल द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादी हीरालाल(परिवर्तित नाम) निवासी भिण्ड हाल शताब्दीपुरम जिला ग्वालियर ने थाना महाराजपुरा पर रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 21.06.2026 को घर पर मेरे पत्नी, लड़का व मेरी लड़की मंजू(परिवर्तित नाम) उम्र 14 साल थे, मेरी पत्नी ने फोन कर बताया कि मंजू(परिवर्तित नाम) घर से बिना बताये कहीं चली गई है। उसके बाद मैने घर आकर अपनी लड़की की तलाश आसपास व रिश्तेदारियों में की उसका कोई पता नही चला। मेरे लड़की को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना महाराजपुरा में अप0क्र0 354/26 धारा 137(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त नाबालिग बालिका के अपहृत होने की सूचना प्राप्त होने पर सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महाराजपुरा निरीक्षक यशवंत गोयल के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में अपहृत नाबालिग बालिका को दस्तयाब करने हेतु लगाया गया। थाना महाराजपुरा पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अपहृत बालिका की आसपास के क्षेत्र में तलाश की जाकर संदेहियों से पूछताछ की गई और मुखबिर तंत्र के सक्रिय किया गया।
दौराने विवेचना थाना महाराजपुरा पुलिस द्वारा दिनांक 28.06.2026 को उक्त अपहृत बालिका को सकुशल दस्तयाब किया गया। महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पूछताछ उपरान्त वनस्टॉफ सेंटर भेजा गया। उक्त बालिका पूर्व में भी दिनांक 01.04.2026 को घर से बिना बताए चली गई थी, जिसे थाना महाराजपुरा पुलिस ने चित्रकूट(उ0प्र0) से दस्तयाब किया था।





