🔴 *थाना मुरार पुलिस द्वारा प्रकरण में 04 आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है।*
ग्वालियर। दिनांक 07.07.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) द्वारा लंबित गंभीर अपराधों में फरार इनामी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु प्रभावी कार्यवाही करने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में की जा रही कार्यवाही के दौरान थाना मुरार पुलिस को आज दिनांक 07.07.2026 को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि अप.क्र. 23/26 धारा 296(बी),115(2),351(3),191(2),191(3),190,109(1),331(6) इजाफा धारा 61(2) बीएनएस के प्रकरण में फरार 10-10 हजार रूपये के इनामी आरोपी शिव्बू उर्फ शिवप्रताप सिंह गुर्जर उर्फ शिप्पू तथा गौरव गुर्जर दोनों एसएलपी कॉलेज मुरार के पास पैदल-पैदल जा रहे है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिस पर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) द्वारा थाना प्रभारी मुरार को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक मैना पटेल के द्वारा थाना मुरार पुलिस की टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर इनामी आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगाया गया। पुलिस टीम तत्काल एसएलपी कॉलेज पहुँची तो एसएलपी कॉलेज के बगल वाली गली में मुखबिर द्वारा बताये हुलिया के दो व्यक्ति पैदल आते हुए दिखाई दिये, पुलिस को देखकर उनके द्वारा भागने का प्रयास किय गया जिन्हे घेराबंदी कर धरदबोचा, नाम पते पूछे तो उन्होने अपने नाम गौरव उर्फ गौरू गुर्जर पुत्र लाखन सिंह गुर्जर उम्र 27 साल नि0 ग्राम ईटायंदा थाना मौ भिण्ड तथा शिवप्रताप सिंह गुर्जर उर्फ शिप्पू उर्फ शिव्बू पुत्र हरीसिंह गुर्जर उम्र 26 साल नि० ग्राम ईटांयदा थाना मौ भिण्ड का रहने वाला बताया।
उक्त आरोपियों से थाना मुरार के अपराध सदर में पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपराध घटित करना स्वीकार किया। जिस पर से पुलिस द्वारा उक्त दोनों आरोपियों को थाना मुरार के उक्त अपराध में विधिवत गिरफ्तार किया गया। उक्त आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उक्त प्रकरण में थाना मुरार पुलिस द्वारा 04 आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है, शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
*घटना का संक्षिप्त विवरणः*- फरियादी बृजकिशोर शर्मा निवासी सुरैयापुरा मुरार ने थाना मुरार में रिपोर्ट लेख कराई थी कि दिनांक 06.01.2026 को उसके पड़ोसी अशोक गुर्जर ने पुरानी रंजिश को लेकर मेरी बहन बैजन्ती शर्मा को मां बहिन की अश्लील गालियां दी और 8-9 अज्ञात लोगों को बुलाकर मेरे घर में घुसकर मेरी बहन, मां, पत्नी, छोटे भाई की पत्नी तथा मेरी मारपीट लाठी, डण्डा, सरिया, तवा, कट्टा व लात घूंसों से की। जिससे हम सभी लोगों को गंभीर चोटे आई है। जाते समय वो लोग जान से मारने की धमकी देकर कहकर गये कि मकान खाली कर देना नहीं तो जान से खत्म कर देंगे। जिनमें से एक व्यक्ति ने कट्टा से हवाई फायर भी किया। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना मुरार में अप0क्र0- 23/26 धारा 296(बी),115(2),351(3),191(2),191(3),190,109(1),331(6) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान उक्त प्रकरण में धारा 61(2) बीएनएस इजाफा की गई थी।
*सराहनीय भूमिकाः*- थाना प्रभारी मुरार निरी0 मैना पटेल, उनि0 जयकिशोर राजौरिया, आर. देवेन्द्र साहू, आर. सत्येन्द्र सिंह तोमर की सराहनीय भूमिका रही।





