🔴 बदमाशों के लिए संदेश:- अपराध तो कर सकते हो लेकिन ग्वालियर पुलिस तुम्हें 12/24 घंटे से ज्यादा खुली हवा में रहने का मौका नहीं देगी।
ग्वालियर दिनांक 04.10.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा गंभीर आपराधिक घटनाओं में फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना इन्दरगंज पुलिस ने दुकान के बाहर फायरिंग कर फरार हुए आरोपी को अयोध्या, फै़जाबाद(उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण- दिनांक 03.10.2026 को फरियादी प्रमोद वर्मा निवासी आनंद नगर, बहोड़ापुर, ग्वालियर द्वारा थाना इन्दरगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 01.10.2026 को आरोपी एजाज उर्फ अयाज खान, जो पुरानी हाईकोर्ट बिल्डिंग के पीछे टाइपिंग का कार्य करता है, फरियादी की दुकान पर आया था और उसके पुत्र तरुण वर्मा से 200 रुपये के स्टाम्प लेकर बिना रजिस्टर में एंट्री कराये चला गया था। स्टाम्प की एंट्री को लेकर आरोपी एवं तरुण के बीच विवाद हुआ था, जिस पर आरोपी द्वारा तरुण को जान से मारने की धमकी दी गई थी। बाद में दिनांक 02.10.2026 को स्टाम्प की एंट्री कराये जाने से विवाद समाप्त हो गया था।
दिनांक 03.10.2026 को करीब 03ः25 बजे आरोपी एजाज उर्फ अयाज खान फरियादी की दुकान के बाहर आया और फरियादी एवं उसके पुत्र तरुण को गाली-गलौज करते हुए कट्टा निकालकर दुकान के सामने हवाई फायर किया। इसके बाद आरोपी ने कट्टे में दूसरा राउंड भरकर तरुण की ओर फायर किया, लेकिन कट्टा नहीं चला। आरोपी फरियादी एवं अन्य लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना इन्दरगंज में आरोपी के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा (भापुसे) को थाना इन्दरगंज पुलिस की टीम गठित कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी इन्दरगंज श्री रोबिन जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी इन्दरगंज निरीक्षक दीप्ती तोमर द्वारा पुलिस की टीम गठित कर आरोपी की धरपकड़ हेतु लगाया गया तथा तकनीकी सेल एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
तकनीकी सूचना पर अयोध्या पहुंची पुलिस टीम – वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन् में की जा रही कार्यवाही के दौरान तकनीकी सहायता के आधार पर जानकारी प्राप्त हुई कि आरोपी घटना के बाद अयोध्या, फै़जाबाद(उत्तर प्रदेश) तरफ भाग गया है। सूचना की पुष्टि होने पर थाना इन्दरगंज पुलिस की टीम तत्काल अयोध्या, फै़जाबाद(उत्तर प्रदेश) के लिए रवाना की गई। पुलिस टीम द्वारा लगातार पीछा करते हुए दिनांक 04.10.2026 को अयोध्या, फै़जाबाद(उत्तर प्रदेश) स्थित एक होटल में घुसते ही आरोपी एजाज उर्फ अयाज खान पुत्र नाजिर खान उम्र 25 साल निवासी 24 बीघा, थाना बहोड़ापुर जिला ग्वालियर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार दौड़ता रहा और एक होटल में घुसते ही दबोचा। पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा दुकान के बाहर फायरिंग की घटना करना स्वीकार किया गया है। थाना इन्दरगंज पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
बदमाशों के लिए संदेश:- अपराध तो कर सकते हो लेकिन ग्वालियर पुलिस तुम्हें 12/24 घंटे से ज्यादा खुली हवा में रहने का मौका नहीं देगी।





