🔴 नववर्ष कार्यक्रमों में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु एसएसपी ग्वालियर द्वारा संचालकों को सख्त निर्देश।
🔴 शहर में शांतिपूर्ण और सुरक्षित नववर्ष समारोह सुनिश्चित करने हेतु ग्वालियर पुलिस की सख्त मॉनिटरिंग।

ग्वालियर। 28.12.2025 नववर्ष के अवसर पर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) द्वारा आज पुलिस कंट्रोल रूम ग्वालियर में शहर के होटल, रेस्टोरेंट एवं बार संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नववर्ष की रात कार्यक्रमों के दौरान पूर्णतः कानून-व्यवस्था का पालन करने एवं किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए। एसएसपी ग्वालियर ने कहा कि नियमों से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, अतः सभी आयोजक नियमों के दायरे में रहकर ही कार्यक्रम आयोजित करें।

इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे), सीएसपी विश्वविद्यालय श्रीमती हिना खान(रापुसे), सीएसपी ग्वालियर श्री कृष्ण पाल सिंह(रापुसे), परिवीक्षाधीन भापुसे अधिकारी श्री मनोज कुमार तथा होटल, रेस्टोरेंट एवं बार संचालक उपस्थित रहे।

बैठक में एसएसपी ग्वालियर द्वारा संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय सीमा का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए, तेज आवाज में संगीत न बजाया जाए तथा ध्वनि नियमों का पालन किया जाए। नशीली पदार्थों, अवैध शराब एवं किसी भी अवैध गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आयोजन स्थल के आसपास पार्किंग व्यवस्था, यातायात सुचारू रखने तथा आमजन एवं आसपास के रहवासियों को असुविधा न हो, इसकी जिम्मेदारी आयोजकों की होगी। बिना अनुमति कोई आयोजन नहीं किया जाएगा तथा कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय अवस्था में रखना अनिवार्य रहेगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने स्पष्ट किया कि नववर्ष के अवसर कानून व्यवस्था एवं शांति में व्यवधान पैदा करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आयोजकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। 31 दिसंबर की रात पुलिस द्वारा सभी क्षेत्रों में निगरानी रखी जाएगी और नशाखोरी, हुड़दंग, नियमों के उल्लंघन या अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

*ग्वालियर पुलिस की अपील* – आमजन नववर्ष का स्वागत उल्लास एवं संयम के साथ करें। शराब पीकर वाहन न चलाएं, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

keyboard_arrow_up
Skip to content