🔴 कार्यालयीन अधिकारी-कर्मचारियों को ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’’ अभियान के तहत नशा मुक्ति संबंधी जागरूकता की शपथ भी दिलवाई गई।
🔴 15 दिवसीय अभियान के माध्यम से जिलेभर में आमजन, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
ग्वालियरः 15.07.2026- मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी 15 दिवसीय जनजागरूकता अभियान ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’’ के तहत आज दिनांक 15.07.2026 को ग्वालियर जिले में अभियान का शुभांरभ किया गया। अभियान के शुभारंभ पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशन में अति0 पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री सुजावल जग्गा(भापुसे), अभियान के नोड़ल अधिकारी अति0 पुलिस अधीक्षक(ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर, डीएसपी मुख्यालय श्री रोबिन जैन के द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से जनजागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ आगामी 15 दिनों तक जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व के संबंध में जागरूक करेगा। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक ग्वालियर श्री रणजीत सिंह सिकरवार सहित कार्यालय के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री सुजवाल जग्गा (भापुसे) ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन, आर्थिक स्थिति एवं भविष्य पर भी गंभीर और दीर्घकालिक दुष्प्रभाव डालता है। विशेष रूप से युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए चिंता का विषय है, इसलिए उन्हें नशे की गिरफ्त में आने से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने एवं जनजागरूकता बढ़ाने के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’’ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से जिलेभर में स्कूलों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाएगा तथा उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में नोड़ल अधिकारी अति0 पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर ने संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार ने आगामी तीन वर्षों में ’’नशामुक्त भारत’’ के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी दिशा में ग्वालियर पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त ड्रग माफियाओं को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल पुलिस की कार्रवाई से ही नशे की समस्या का समाधान संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’’ अभियान के दौरान आयोजित होने वाले सभी जनजागरूकता कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करें, ताकि नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और समाज को नशामुक्त बनाने की इस मुहिम को सफल बनाऐं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’’ अभियान के तहत ’’नशा मुक्ति एवं नशे के विरुद्ध जनजागरूकता की शपथ’’ भी दिलाई गई। सभी ने स्वयं को नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने तथा नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
अभियान के तहत तैयार किए गए ’’जागरूकता रथ’’ के माध्यम से नशा मुक्ति से संबंधित संदेश, पोस्टर, ऑडियो-वीडियो सामग्री एवं जनजागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। यह रथ जिले के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव के उपायों की जानकारी देगा। अभियान के दौरान ग्वालियर पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, औद्योगिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं ग्राम पंचायतों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेल, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं सकारात्मक सामाजिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा

 

keyboard_arrow_up
Skip to content