🔴 ग्वालियर जिले के थाना क्षेत्रों में स्थित स्कूलों/कॉलेजों व सार्वजनिक स्थानों पर ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’’ अभियान के अन्तर्गत आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम।
🔴 कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं व आमजनों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सजग कर नशा मुक्ति संबंधी जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई और पम्पलेट वितरित किए गये।

ग्वालियरः 16.07.2026- मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे.) के निर्देशन एवं अभियान के नोडल अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में आज दिनांक 16.07.2026 को ग्वालियर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों, इससे होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान तथा नशे से दूर रहने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही सभी को स्वयं नशामुक्त रहने एवं अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया तथा नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

इसी प्रकार आज दिनांक 16.07.2026 को थाना पुरानी छावनी पुलिस द्वारा निरीक्षक डॉ. संतोष यादव, उप निरीक्षक रागिनी परमार एवं एएसआई कप्तान सिंह के नेतृत्व में पुरानी छावनी कस्बे में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों ने नागरिकों को नशे की लत से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों को प्रभावित करता है। उपस्थित लोगों से अपने बच्चों एवं युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में लगभग 100 नागरिकों ने सहभागिता की तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

थाना डबरा देहात पुलिस द्वारा जनता स्कूल में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के साथ संवादात्मक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, नशे की लत से बचने के उपायों एवं अच्छे संस्कारों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार एवं मित्रों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया।

थाना बेहट पुलिस द्वारा शासकीय स्कूल बेहट में एएसआई कोक सिंह एवं प्रधान आरक्षक प्रतिभा कुशवाह ने रील, पम्पलेट एवं संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि नशा व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य को नष्ट कर देता है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होना चाहिए। कार्यक्रम में लगभग 150 छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने भाग लिया।

थाना कोतवाली पुलिस द्वारा डीएव्ही स्कूल, नया बाजार में थाना प्रभारी विनोद विनायक करके के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे प िरवार एवं समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और परिवारजनों को भी जागरूक करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में लगभग 110 छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

थाना बिजौली पुलिस द्वारा सीएम राइज स्कूल, बिजौली में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र का भविष्य है और नशे से दूर रहकर ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य की उपस्थिति में लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया तथा सभी को नशे से दूर रहने एवं समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।

थाना मुरार पुलिस द्वारा अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, बारादरी, मुरार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक राहुल सिंह, चौकी प्रभारी बड़ागांव द्वारा छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के नशे एवं गलत संगति से दूर रहने, अपने जीवन के लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने तथा अपने मित्रों एवं परिवारजनों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों व छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई।

इसी क्रम में आज दिनांक 16.07.2026 को ग्वालियर जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों द्वारा छात्र-छात्राओं, युवाओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया तथा सभी को स्वयं नशे से दूर रहने एवं अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्वालियर पुलिस का यह जनजागरूकता अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाकर एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

keyboard_arrow_up
Skip to content