🔴 युवाओं को नशे से बचाने के लिए ग्वालियर पुलिस का सघन जनसंपर्क अभियान जारी।
🔴 जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाकर लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

ग्वालियरः 22.07.2026- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 दिवसीय “नशे से दूरी है जरूरी 2.0“ जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत आज दिनांक 22.07.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर तथा अभियान की नोडल अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में ग्वालियर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया तथा सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

इसी क्रम में अभियान के तहत थाना इंदरगंज पुलिस द्वारा राम मंदिर स्थित पार्क में उपस्थित आमजन के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक दीप्ति तोमर ने उपस्थित नागरिकों एवं बच्चों को संबोधित करते हुए शराब, तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी, गांजा, भांग, चरस सहित अन्य सभी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार की खुशहाली, सामाजिक प्रतिष्ठा एवं आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों एवं नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं परिचितों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

थाना कोतवाली पुलिस द्वारा छापाखाना, महाराज बाड़ा क्षेत्र में दुकानदारों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों के बीच विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद विनायक करकरे ने नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस दौरान नशामुक्ति संबंधी जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए तथा नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने एवं समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई गई।

थाना मुरार पुलिस द्वारा गवर्नमेंट हायर सेकेंड्री स्कूल क्रमांक-2, मुरार में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधान आरक्षक अर्चना सिंह एवं पुलिस स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों को नशे की लत से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, शिक्षा और स्वस्थ जीवनशैली आवश्यक है तथा किसी भी प्रकार का नशा उनके भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए तथा उन्हें नशामुक्त की शपथ भी दिलाई गई।

थाना मोहना पुलिस द्वारा सेंट एंथोनी स्कूल, मोहना में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सहायक उप निरीक्षक कप्तान सिंह एवं आरक्षक सुनील धाकड़ ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा व्यक्ति की शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवार एवं भविष्य पर अत्यंत नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों, परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने की सामूहिक शपथ ली।

थाना झांसीरोड पुलिस द्वारा द लक्षिता लाइब्रेरी, नाका चंद्रबदनी, ग्वालियर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक शक्ति सिंह यादव ने उपस्थित छात्र-छात्राओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य, परिवार की खुशहाली एवं समाज की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की शपथ दिलाई गई।

थाना तिघरा पुलिस द्वारा ग्राम झण्डापुरा स्थित गुरुकुल कोचिंग क्लास में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी तिघरा निरीक्षक शिवराम सिंह कंसाना ने विद्यार्थियों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, उसके दुष्परिणामों तथा उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि युवा वर्ग देश का भविष्य है और उनका स्वस्थ एवं नशामुक्त रहना समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान जनजागरूकता के उद्देश्य से पंपलेट भी चस्पा किए गए।

थाना बिजौली पुलिस द्वारा ग्राम बिल्हेटी में ग्रामीण नागरिकों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव ने ग्रामीणों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों, पारिवारिक विघटन, आर्थिक नुकसान एवं सामाजिक बुराइयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने तथा युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए परिवार एवं समाज स्तर पर जागरूकता फैलाने की अपील की। इसी प्रकार जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम किए गये।

keyboard_arrow_up
Skip to content