ग्वालियर, दिनांक 17 जून 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भा.पु.से.) तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अजीत सिंह चौहान के निर्देशन में यातायात थाना झांसीरोड़ प्रभारी श्री धनंजय शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा बिना नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म, हूटर एवं मॉडीफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में आज विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान यह पाया गया कि कुछ वाहन चालक अपने वाहनों पर निर्धारित नंबर प्लेट लगाने के स्थान पर जाति अथवा अन्य शब्द अंकित कर वाहन चला रहे हैं, जो मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन है।
अभियान के दौरान एक थार वाहन क्रमांक एमपी-07-एएफ-9345 के चालक को पुनः पकड़ा गया। उक्त वाहन चालक को पूर्व में भी ब्लैक फिल्म, हूटर एवं अवैध नंबर प्लेट हटाने की समझाइश देकर चालान किया गया था, किंतु चेतावनी के बावजूद वाहन में पुनः ब्लैक फिल्म, हूटर तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं पाई गई। इस पर वाहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्रकरण माननीय न्यायालय प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय द्वारा 8,000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
इसके अतिरिक्त बिना नंबर प्लेट संचालित एक ट्रैक्टर को सुरक्षार्थ थाना परिसर में खड़ा कराया गया, जिस पर माननीय न्यायालय द्वारा 7,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
विशेष अभियान के दौरान ब्लैक फिल्म, हूटर एवं मॉडीफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की भी जांच की गई। कार्रवाई के तहत—
ब्लैक फिल्म के 04 चालान
बिना नंबर प्लेट के 13 चालान
मॉडीफाइड साइलेंसर के 03 चालान
किए गए। उक्त कार्रवाई में कुल 28,000 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।





