ग्वालियर दिनांक 07.07.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार जिले में लंबित गंभीर प्रकरणों में फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना गोला का मंदिर पुलिस ने पुरानी रंजिश पर मारपीट एवं फायरिंग के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर एक अवैध 315 बोर का कट्टा एवं एक चला हुआ राउंड बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के पालन में अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा (भापुसे) के निर्देशन एवं सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान दिनांक 06 जुलाई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना गोला का मंदिर के अपराध क्रमांक 26/26 में फरार आरोपी बिरला हॉस्पिटल के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने बिरला हॉस्पिटल, आर्मी कैंट सूर्य मंदिर के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम कालू उर्फ मदन मोहन कौरव उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम कचनपुर थाना एंडौरी जिला भिण्ड, हाल निवासी आदर्श नगर पिंटो पार्क, ग्वालियर होना बताया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि दिनांक 24 जनवरी 2026 को रणधीर कॉलोनी स्थित जिम के पास पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों अंशुल गुर्जर एवं छोटू तोमर के साथ मिलकर फरियादी सुमित कौरव के साथ मारपीट की थी। घटना के दौरान अंशुल गुर्जर ने अपने 315 बोर के कट्टे से दो हवाई फायर किए थे। वारदात के बाद भागते समय अंशुल गुर्जर ने कट्टा उसे छिपाने के लिए दिया था, जिसे उसने आर्मी कैंट स्थित सूर्य मंदिर के पीछे एक पटिया के नीचे छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक 315 बोर का अवैध कट्टा एवं एक चला हुआ राउंड बरामद कर जप्त किया। अवैध हथियार रखने एवं छिपाने के संबंध में आरोपी का कृत्य पाए जाने पर प्रकरण में धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट का इजाफा कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी से उसके फरार साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
उल्लेखनीय है कि फरियादी सुमित सिंह कौरव निवासी गोवर्धन कॉलोनी, गोला का मंदिर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जनवरी 2026 की शाम रणधीर कॉलोनी स्थित जिम के पास पुरानी रंजिश के चलते अंशुल गुर्जर, कालू कौरव एवं उनके एक साथी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए पत्थरों एवं हाथों से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। घटना के दौरान अंशुल गुर्जर ने कट्टे से दो हवाई फायर कर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में थाना गोला का मंदिर में अपराध क्रमांक 26/26 धारा 296(बी), 115(2), 125, 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
जप्तशुदा माल:- एक 315 बोर कट्टा मय 01 चला हुआ खोका।
keyboard_arrow_up
Skip to content