🔴 कार्यक्रम में छात्रों को डायल-112 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी, आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने के लिए किया प्रेरित।
🔴 पुलिस अधिकारियों ने मित्रवत संवाद कर विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं और सवालों का किया समाधान।
ग्वालियर। 11.08.2026। मध्यप्रदेश पुलिस के ‘सृजन संवाद’ कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में आज ग्वालियर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान स्कूली विद्यार्थियों को थानों का भ्रमण कराया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यार्थियों को थाने में होने वाली विभिन्न कार्यवाहियों एवं पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

‘‘सृजन संवाद’‘ कार्यक्रम में बच्चों को केवल पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी ही नहीं बल्कि उन्हें थाना कैसे काम करता है, शिकायत पर क्या कार्रवाई होती है, आपात स्थिति में पुलिस से कैसे संपर्क करें और कौन-कौन से हेल्पलाइन नंबर उपयोगी हैं, इसकी भी जानकारी दी गई।
आज कार्यक्रम के दौरान थाना कंपू, पड़ाव, कोतवाली, विश्वविद्यालय एवं करहिया में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं को थाना भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से जाना और समझा कि थाने में आमजन की शिकायत प्राप्त होने से लेकर उस पर कार्रवाई तक पुलिस किस प्रकार कार्य करती है। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यार्थियों को थाने में होने वाली विभिन्न कार्यवाहियों, पुलिस की जिम्मेदारियों तथा आमजन की सुरक्षा के लिए किए जाने वाले प्रयासों के संबंध में सरल एवं सहज भाषा में जानकारी दी गई। शासकीय डीएवी हायर सेकेंडरी स्कूल तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय महलगांव सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
संवाद के दौरान बच्चों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन एवं टेलीफोन नंबरों की जानकारी दी गई तथा बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस की सहायता ली जा सकती है। विद्यार्थियों को डायल 112 की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के साथ मित्रवत संवाद करते हुए उनकी जिज्ञासाओं एवं सवालों का समाधान किया। विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा किसी भी समस्या को अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। ‘सृजन संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से ग्वालियर पुलिस और नई पीढ़ी के बीच विश्वास एवं संवाद की एक मजबूत कड़ी स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।





