🔴 ग्वालियर पुलिस की प्रभावी कार्यवाही से दिनदहाड़े हुई लूट का सफल खुलासा कर सम्पूर्ण रकम एवं घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन को किया जप्त।
🔴 सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने लूट की वारदात का किया खुलासा।
🔴 पूर्व परिचित द्वारा रची गई साजिश, पैसे की डिलीवरी के दौरान साथियों से करवाई गई थी लूट की वारदात।

ग्वालियर। दिनांक 01.03.2026 –
घटना का संक्षिप्त विवरण :- फरियादी वासुदेव शर्मा निवासी घंटियाल बड़ी जिला चूरु (राजस्थान), हाल सिटी सेंटर महलगांव, विश्वविद्यालय द्वारा थाना कम्पू में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके जीजा संदीप शर्मा का प्लाईवुड का व्यवसाय है, जिसमें वह पार्टियों से रुपये लेने-देने का कार्य करते हैं। दिनांक 25.02.26 को वह विभिन्न पार्टियों से लगभग 05 लाख रुपये प्राप्त कर उन्हें अपने नीले रंग के बैग में रखकर एमएलबी कॉलेज ग्राउंड में बैठा था। शाम लगभग 06ः00 बजे जब वह नाश्ता करने के लिए ग्राउंड के गेट से बाहर निकला, तभी बिना नंबर की स्कूटी पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे धक्का देकर बैग छीन लिया और फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कम्पू में अपराध क्रमांक 42/26 धारा 309(4) बीएनएस एवं 11/13 एमपीडीपीके एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) एवं अति. पुलिस अधीक्षक(पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर(रापुसे) को तत्काल थाना कम्पू व क्राईम ब्रांच की टीमें बनाकर अज्ञात आरोपियों की पतारसी कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिये। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी इन्दरगंज श्री रोबिन जैन(रापुसे), डीएसपी अपराध श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार(रापुसे), प्रशिक्षु भापुसे अधिकारी श्री मनोज कुमार के मार्गदर्शन व नेतृत्व में ग्वालियर पुलिस की टीमों को उक्त प्रकरण में वांछित अज्ञात आरोपियों की पतारसी हेतु लगाया गया तथा एक टीम को घटना स्थल के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज चेक करने के लिये लगाया।

सीसीटीवी एवं तकनीकी विश्लेषण से मिला सुराग – घटना स्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध आरोपी बिट्टू को चिन्हित किया गया। तकनीकी सेल एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर जानकारी प्राप्त हुई कि संदेही बिट्टू अपने साथियों के साथ गुड़गांव गया हुआ है। पुलिस टीम द्वारा गुड़गांव पहुंचकर बिट्टू एवं उसके साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में बिट्टू ने हर्ष, राज शर्मा व दो अन्य के साथ मिलकर लूट की प्लानिंग कर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

पूर्व नियोजित साजिश का खुलासा – पुलिस द्वारा आरोपी बिट्टू की निशादेही पर राज शर्मा को उसके घर से तथा हर्ष को मेला ग्राउण्ड गोला का मंदिर के पास से अभिरक्षा में लिया जाकर पूछताछ की गई तो सामने आया कि राज शर्मा पैसों के लेन-देन का कार्य करता है और उसका फरियादी से पूर्व में भी लेनदेन रहा है। राज शर्मा ने आरोपियों के साथ मिलकर योजना बनाई कि वासुदेव शर्मा को 1,50,000/- रुपये का भुगतान किया जाना है। जैसे ही रकम दी जाएगी, पीछे से लगे आरोपी हर्ष और बिट्टू रुपये छीन लेंगे। योजना के अनुसार 25.02.2026 को रकम की डिलीवरी होते ही आरोपियों ने एक्टिवा से पीछा कर लूट की वारदात को अंजाम दिया और गोला का मंदिर क्षेत्र स्थित एक कमरे में जाकर रकम का बंटवारा कर लिया। जब आरोपियों ने पूरी राशि की गिनती की तो कुल 6,85,000/- रुपये निकले। बंटवारा में 2-2 लाख रूपये हर्ष, बिट्टू, एवं राज शर्मा, तथा 35,000/- रुपये करण एवं 50,000/- रुपये बनिया तोमर को मिले।

पुलिस द्वारा पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई कुल रकम 6,85,000/- रूपये जप्त की गई है। जबकि फरियादी द्वारा मात्र पांच लाख रुपये लूट में लेख कराये थे। फरियादी से पुनः पूछताछ की गई तो बताया कि वह जल्दबाजी में आखिरी पेमेंट जो 150000/- रूपये का मिला था उसको बता नहीं पाया था। इसलिए मैंने उस उक्त रकम 05 लाख बताई थी। कुल मेरी रकम 650000/- रूपये ही लूट की गई थी। पुलिस द्वारा उक्त लूट में समस्त रकम 6,85,000/- एवं घटना में प्रयुक्त एक्टिवा गाड़ी जप्त की गई है। थान कम्पू पुलिस द्वारा आरोपियों को उक्त प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड प्राप्त करने के बाद शहर में हुई अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जावेगी।

गिरफ्तार आरोपीगण :-
1. लोकेंद्र सिंह तोमर उर्फ बिट्टू पुत्र स्व श्री रामकिशोर सिंह तोमर उम्र 21 साल निवासी चौहान मंदिर के पास न्यू ग्रेसिम बिहार कॉलोनी चार शहर का नाका ग्वालियर
2. शौर्य प्रताप सिंह तोमर उर्फ हर्ष पुत्र प्रमोद सिंह तोमर उम्र 18 साल निवासी परीक्षितपुरा थाना अंबाह मुरैना हाल निकुंज मोटर्स के सामने गोले का मंदिर ग्वालियर
3. राज शर्मा पुत्र मुकेश शर्मा उम्र 27 साल निवासी गोपाल नगर गदाईपुरा हजीरा ग्वालियर
4. शिवम तोमर उर्फ बनिया पुत्र सुरेन्द्र तोमर उम्र 23 साल पुरानी कांचमील बिरला नगर हजीरा ग्वालियर
5. करन तोमर पुत्र मलखान सिंह तोमर उम्र 22 साल निवासी न्यू कांचमील बिरला नगर हजीरा ग्वालियर

जप्त माल :- लूटी गई संपूर्ण रकम 6,85,000/- एवं घटना में प्रयुक्त एक्टिवा गाड़ी।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content