🔴 पड़ाव क्षेत्र में नाश्ता सेंटर पर की थी फायरिंग, फरियादी के भाई को लगी थी गोली।
🔴 घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद, हथियार के संबंध में आरोपियों से पूछताछ जारी।
🔴 फरियादी की दुकान के पास स्थित एक दुकानदार जतिन राठौर ने की थी रैकी।

ग्वालियर दिनांक 04.10.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा गंभीर आपराधिक घटनाओं में फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पड़ाव पुलिस ने बांके बिहारी नाश्ता सेंटर पर फायरिंग कर फरियादी के भाई को गोली मारकर फरार हुए तीन आरोपियों को घटना के 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

*घटना का संक्षिप्त विवरण* – दिनांक 03.10.2026 को फरियादी प्रकाश पाल निवासी ग्राम बिठौली, विजयसिंह का पुरा, थाना तिघरा, ग्वालियर द्वारा थाना पड़ाव में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी पड़ाव थाने के सामने बांके बिहारी नाश्ता सेंटर के नाम से दुकान है, जिसे वह अपने बड़े भाई अशोक पाल के साथ संचालित करता है। दुकान पर उसके चचेरे भाई नाथू सिंह, सोनू सिंह एवं जीजा बालकृष्ण भी कार्य करते हैं। फरियादी का भांजा बृजेश पाल, दिनेश यादव निवासी पुरानी छावनी के परिवार की एक लड़की को घर से लेकर चला गया था, जिसके कारण दिनेश यादव फरियादी एवं उसके परिवार से रंजिश रखता था। दिनांक 03.10.2026 को करीब 11ः30 बजे दो अज्ञात व्यक्ति स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से नाश्ता सेंटर पर आए और फरियादी को जान से मारने की नीयत से फायर किया। फरियादी द्वारा पीछे हट जाने से वह गोली लगने से बच गया। इसी दौरान दिनेश यादव, छोटू यादव एवं संदीप यादव पल्सर मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे। दिनेश यादव ने पिस्टल से जान से मारने की नीयत से फायर किया, जिसकी गोली फरियादी के बड़े भाई अशोक पाल की कमर के पास लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल अशोक पाल को उपचार हेतु अपोलो अस्पताल ले जाया गया। थाना पड़ाव में अप.क्र. 285/2026, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

24 घंटे के अंदर पुलिस ने दबोचे आरोपी – घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा (भापुसे) को थाना पड़ाव पुलिस की टीम गठित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी इन्दरगंज श्री रोबिन जैन के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी पड़ाव निरीक्षक शैलेन्द्र भार्गव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगाया गया। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी सेल एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

इसी दौरान तकनीकी सहायता एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त घटना के फरार आरोपी दिनेश यादव, संदीप यादव एवं छोटू उर्फ लखन जाटव, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित थाना तिघरा क्षेत्र के शंकरपुर में मौजूद हैं तथा वहां से भागने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई और तीनों वांछित आरोपियों दिनेश यादव, संदीप यादव एवं छोटू उर्फ लखन जाटव निवासी पुरानी छावनी, जिला ग्वालियर को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पड़ाव क्षेत्र में फरियादी की नाश्ता की दुकान के पास के एक दुकानदार जतिन राठौर ने रैकी की थी और उन्हे बताया था कि दुकान खुल गई है और फरियादी तथा उसका भाई दुकान में है। इसी सूचना पर आरोपियों द्वारा फरियादी व उसके भाई पर फायरिंग की थी। आरोपियों की जानकारी के आधार पर पुलिस द्वारा रैकी करने वाले आरोपी जतिन राठौर को भी धरदबोचा।

*घटना का रिक्रिएशन कराया गया* – गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने उक्त फायरिंग की घटना करना स्वीकार किया। थाना पड़ाव पुलिस द्वारा आरोपियों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ करते हुए घटना का रिक्रिएशन कराया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

*गिरफ्तार आरोपीगण* :-

1. दिनेश यादव पुत्र ओमप्रकाश उर्फ कल्लू यादव उम्र 31 वर्ष निवासी माहौर मोहल्ला पुरानी छावनी ग्वालियर।

2. संदीप यादव पुत्र ओमप्रकाश उर्फ कल्लू यादव उम्र 34 वर्ष निवासी माहौर मोहल्ला पुरानी छावनी ग्वालियर

3. लखन उर्फ छोटू जाटव पुत्र हरविलाश जाटव उम्र 19 वर्ष निवासी रुंध का पूरा पुरानी छावनी, ग्वालियर

4. जतिन राठौर पुत्र अमृतलाल राठौर उम्र 22 वर्ष निवासी दाऊ जी का मंदिर के पास पुरानी छावनी ग्वालियर (रैकी करने वाला)

 

keyboard_arrow_up
Skip to content