ग्वालियर दिनांक 14.10.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा विभिन्न प्रकरणों में फरार इनामी आरोपियों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) ग्वालियर डॉ. शिवेश सिंह बघेल द्वारा थाना प्रभारी महाराजपुरा को थाना के अप.क्र. 19/26 धारा 318(4),338,336(3),340(2), 319(2),61(2) बीएनएस में वांछित शेष फरार इनामी आरोपियों को पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महाराजपुरा निरी0 यशवंत गोयल के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण मंे वांछित फरार इनामी आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया। दौराने विवेचना आज दिनांक 14.10.2026 को पुलिस टीम द्वारा उक्त प्रकरण में वांछित इनामी आरोपी हेम सिंह गुर्जर की तलाश उसके निवास आदर्श नगर महाराजपुरा में की गई तो पुलिस टीम को देखकर घर से एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे पुलिस द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में उसने अपना नाम व पता हेम सिंह गुर्जर पुत्र रामेश्वर सिंह गुर्जर उम्र 53 साल निवासी ग्राम रौरा थाना सिरोल जिला ग्वालियर हाल आदर्श नगर महाराजपुरा का होना बताया। पकड़े गये आरोपी से उक्त प्रकरण के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा उक्त अपराध कारित करना स्वीकार किया। जिस पर से पुलिस द्वारा आरोपी को थाना महाराजपुरा के अपराध सदर में विधिवत गिरफ्तार किया गया। उक्त आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा 02 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया था।

घटना का संक्षिप्त विवरण:- दिनांक 08.01.2026 को थाना महाराजपुरा में आवेदकगण जितेन्द्र सिंह गुर्जर, प्रमोद सिंह गुर्जर, बहादुर सिंह गुर्जर एवं भंवर सिंह गुर्जर निवासीगण महाराजपुरा, ग्वालियर ने थाना महाराजपुरा में रिपोर्ट लेख कराई थी कि उनकी संयुक्त स्वामित्व एवं आधिपत्य की ग्राम महाराजपुरा स्थित सर्वे क्रमांक 629, रकबा 1.285 हेक्टेयर कृषि भूमि के संबंध में आरोपियों द्वारा आपस में साठगांठ कर धोखाधड़ी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर संपत्ति हड़पने का प्रयास किया गया। आरोपियों द्वारा दिनांक 07.10.2024 का फर्जी मुख्त्यारनामा तैयार कर उसमें आवेदकगण के आधार कार्डों पर अन्य व्यक्तियों के फोटो लगाकर फर्जी पहचान दस्तावेज तैयार किए गए तथा उक्त फर्जी दस्तावेज के आधार पर रजिस्ट्रार कार्यालय में दस्तावेज का पंजीयन कराया गया। इसके उपरांत दिनांक 11.11.2024 को आवेदकगण की भूमि के संबंध में फर्जी विक्रय पत्र निष्पादित कराया गया, जबकि संबंधित मुख्त्यारधारी को उक्त संपत्ति के विक्रय का वैधानिक अधिकार नहीं था। फरियादी की रिपोर्ट पर से आरोपीगण देवेन्द्र कुमार पाठक, शैलेन्द्र सिंह गुर्जर, रामवीर सिंह गुर्जर, रवि आदिवासी, मनोज गुर्जर, रामवीर सिंह गुर्जर, हेम सिंह गुर्जर एवं विजय गुर्जर के विरूद्ध थाना महाराजपुरा में अप0क्र0- 19/26 धारा 318(4),338,336(3),340(2),319(2),61(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

keyboard_arrow_up
Skip to content