🔴 मोबाइल एवं क्यूआर कोड की लोकेशन के आधार पर शिवपुरी के ग्राम लक्ष्मीपुरा में पहुंची पुलिस, लगातार सर्चिंग कर अपहृत युवक को कराया मुक्त।

ग्वालियर। 01.09.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार जिले में गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा (भापुसे) द्वारा अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों को गुमशुदाओं एवं अपहृत व्यक्तियों की तलाश हेतु विशेष टीमें गठित कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादिया रवीना कर्ण पत्नी वीरू कर्ण, उम्र 30 वर्ष, निवासी तानसेन नगर ग्वालियर ने थाना ग्वालियर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 31.08.2026 को दोपहर करीब 12 बजे उसके पति वीरू कर्ण बिना बताए घर से कहीं चले गए हैं। उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। आसपास एवं रिश्तेदारों में तलाश करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला।

फरियादिया को आशंका थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके पति को बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया है। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना ग्वालियर में अप0क्र0 457/26 धारा 140(3) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी ग्वालियर श्री कृष्ण पाल सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ग्वालियर निरीक्षक प्रशांत शर्मा द्वारा पुलिस टीम गठित कर अपहृत वीरू कर्ण की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में तलाश करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम को आरोपियों द्वारा फिरौती की रकम के लिए उपलब्ध कराए गए क्यूआर स्कैनर से संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम जिला शिवपुरी के थाना बैराड़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लक्ष्मीपुरा पहुंची। तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम द्वारा संदेही अरूण बंजारा की तलाश की गई। जानकारी मिली कि गांव से करीब 4 किलोमीटर दूर पहाड़ी क्षेत्र में अपहृत युवक एवं आरोपियों के होने की संभावना है। पुलिस टीम द्वारा रात्रि से सुबह तक लगातार पहाड़ी एवं आसपास के दुर्गम क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया गया। लगातार सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम को अपहृत वीरू कर्ण दस्तयाब हुआ। पूछताछ में अपहृत वीरू कर्ण ने बताया कि अरूण बंजारा एवं वरूण बंजारा द्वारा फिरौती की रकम वसूलने के उद्देश्य से उसका अपहरण किया गया था तथा उसके साथ मारपीट कर उसे बंधक बनाकर रखा गया था।

अपहृत के बताए अनुसार पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों की तलाश पुनः शुरू की गई। पुलिस टीम ने पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी वरूण बंजारा को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई। पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। वहीं, भौगोलिक परिस्थितियों का फायदा उठाकर आरोपी अरूण बंजारा मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस टीम द्वारा लगातार तलाश की जा रही है।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content