🔴 09 पेटी कुल 80 बल्क लीटर कुल कीमती लगभग 50 हजार रूपये अवैध शराब की जप्त।
ग्वालियर 02.03.2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को आगामी होली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए अवैध मादक पदार्थ तथा अवैध शराब की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त आदेश के अनुक्रम में होली के त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे) द्वारा अधीनस्थ समस्त थानों को अवैध शराब के विरूद्व प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महाराजपुरा निरीक्षक श्री यशवंत गोयल के द्वारा थाना बल की टीम को अवैध शराब के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु लगाया गया।

आज दिनांक 02.03.2026 को थाना महाराजपुरा (बरेठा चौकी) पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि आगरा झांसी हाइवे से गुठीना जाने वाले कच्चे रास्ते पर बनी बाउण्ड्री बॉल के अंदर एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर विक्रय कर रहा है। उक्त सूचना से बरेठा चौकी प्रभारी उनि0 सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर भेजा गया। पुलिस टीम को मौके पर एक व्यक्ति खेत के पास बनी बाउण्ड्री वॉल के भीतर से शराब विक्रय करता हुआ दिखा, जिसने पुलिस टीम को देखकर बाउण्ड्री वॉल कूद कर भागने का प्रयास किया, परन्तु पुलिस टीम द्वारा उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना *नाम अशोक रजक पुत्र रमेश सिंह रजक उम्र 49 साल निवासी ग्राम गुठीना थाना महाराजपुरा जिला ग्वालियर* का होना बताया। पुलिस टीम को मौके पर 04 पेटी देशी शराब प्लेन के कुल क्वार्टर 200, 02 पेटी लाल मसाला शराब कुल क्वार्टर 100 तथा एक प्लास्टिक की बोरी में लाल मसाला शराब के 30 क्वार्टर, 02 पेटी बोल्ट कंपनी की बीयर की केन कुल 42 केन कुल अवैध शराब 80 बल्क लीटर मिली। पकड़े गये व्यक्ति से उक्त शराब के संबंध में वैध लाइसेंस चाहा गया तो कोई लाइसेंस नहीं होना बताया। आरोपी का कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत दण्डनीय होने से आरोपी के कब्जे से अवैध देशी शराब को विधिवत जप्त कर आरोपी के खिलाफ थाना महाराजपुरा में अप0क्र0- 121/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
जप्त मशरूका :- 04 पेटी देशी शराब प्लेन, 02 पेटी लाल मसाला शराब, लाल मसाला शराब के 30 क्वार्टर, 02 पेटी बोल्ट कंपनी की बीयर की केन कुल अवैध शराब 80 बल्क लीटर कीमती लगभग 50 हजार रूपये की जप्त।





