ग्वालियर। 31.07.2026 । बाल कल्याण समिति, ग्वालियर से प्राप्त सूचना पर थाना झॉसीरोड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक किशोर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे काउंसलिंग के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
बाल कल्याण समिति, ग्वालियर के द्वारा आज दिनांक 31.07.2026 को थाना झॉसीरोड़ पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक किशोर विद्यालय नहीं जा रहा है तथा अपनी दादी के साथ अभद्र व्यवहार कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। प्राप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी झॉसीरोड़ निरी0 शक्ति सिंह यादव के द्वारा उप निरीक्षक आशीष शर्मा एवं आरक्षक धर्मेन्द्र धाकड़ को तत्काल मौके पर भेजा गया।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर जाकर देखा तो किशोर ने स्वयं को कमरे में बंद कर लिया। पुलिस द्वारा परिजनों के सहयोग से कमरे का दरवाजा खुलवाकर किशोर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर किशोर के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन पाए गए। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह लंबे समय तक ऑनलाइन गेम खेलने का आदी हो गया है, जिसके कारण उसके व्यवहार में चिड़चिड़ापन एवं आक्रामकता देखी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोर की माता-पिता से संबंधित पारिवारिक परिस्थितियां प्रतिकूल हैं तथा माता का तलाक व पिता का देहांत हो जाने की बजह से किशोर वर्तमान में अपनी दादी के साथ रह रहा है। पुलिस द्वारा किशोर एवं उसकी दादी की प्राथमिक काउंसलिंग की गई तथा आगे आवश्यक मनोवैज्ञानिक एवं सामाजिक परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्हें बाल कल्याण समिति, ग्वालियर के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्यवाई की गई।
पुलिस का उद्देश्य किशोर के सर्वाेत्तम हितों की रक्षा करते हुए उसे उचित परामर्श, मार्गदर्शन एवं पुनर्वास उपलब्ध कराना रहा। संपूर्ण घटनाक्रम से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
*ग्वालियर पुलिस की अभिभावकों एवं बच्चों से अपील-*
ग्वालियर पुलिस सभी अभिभावकों से अपील करती है कि वे अपने बच्चों की दैनिक गतिविधियों, मित्र मंडली तथा मोबाइल एवं इंटरनेट के उपयोग पर नियमित रूप से सकारात्मक निगरानी रखें तथा बच्चे के व्यवहार में अचानक चिड़चिड़ापन, आक्रामकता, सामाजिक दूरी जैसे असामान्य परिवर्तन दिखाई दें, तो समय रहते उसकी काउंसलिंग कराएं तथा आवश्यकता होने पर पुलिस, बाल कल्याण समिति अथवा संबंधित विशेषज्ञों की सहायता लें।
बच्चों से भी अपील है कि वे अपने माता-पिता एवं अभिभावकों का सम्मान करें, अपनी समस्याओं एवं भावनाओं को खुलकर साझा करें तथा मोबाइल और ऑनलाइन गेम का सीमित एवं संतुलित उपयोग करें
keyboard_arrow_up
Skip to content