ग्वालियर। 07.07.2026 । पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान ’’सेफ क्लिक 2.0’’ के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देशन में जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत बीएसएफ टेकनपुर, महाराज बाड़ा तथा विभिन्न विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से जवानों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

बीएसएफ टेकनपुर में जवानों एवं अधिकारियों को किया गया जागरूक- आज दिनांक 07.06.2026 को सायबर सुरक्षा जागरूकता अभियान ‘‘सेफ क्लिक’’ के तहत थाना डबरा टेकनपुर में बीएसएफ एकेडमी कैंपस के ऑडिटोरियम हॉल में बीएसएफ के जवान को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) के द्वारा साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उन्होने बीएसएफ के जवानों व अधिकारियों से संवाद करते हुए इंटरनेट का उपयोग सावधानीपूर्वक किये जाने, साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए तरीकों से सतर्क रहने, किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की तत्काल सूचना राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं एनसीआरपी पोर्टल पर देने के संबंध में जागरूक किया गया। सभी अधिकारियों एवं जवानों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार, सहकर्मियों एवं आम नागरिकों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
महाराज बाड़ा पर नुक्कड़ नाटक एवं सेल्फी पॉइंट बना आकर्षण का केंद्र- थाना कोतवाली द्वारा महाराज बाड़ा पर साइबर जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आकर्षक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों एवं उनसे बचाव के उपायों की सरल भाषा में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। साथ ही महाराज बाड़ा पर साइबर जागरूकता थीम पर विशेष सेल्फी कटआउट स्थापित कर सेल्फी पॉइंट बनाया गया, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने सेल्फी लेकर अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक विनोद विनायक करकरे के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में आमजन व मजदूर वर्ग से लोगों ने सहभागिता की।
स्कूलों में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण- थाना मुरार एवं थाना झांसी रोड पुलिस द्वारा ’’सेंट पॉल्स स्कूल, मुरार’’ तथा ’’ईसीएस स्कूल, शिवपुरी लिंक रोड’’ में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कुल लगभग 1550 विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने सहभागिता की। कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल, व्ज्च् फ्रॉड, साइबर बुलिंग, डेटा चोरी, हैकिंग तथा पहचान चोरी जैसे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर दोनों स्कूलों में विशेष रूप से ’’ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड’’ के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि फर्जी गेमिंग ऐप, रिवॉर्ड, इन-गेम खरीदारी, टास्क एवं लिंक के माध्यम से साइबर अपराधी बच्चों और युवाओं को अपना शिकार बनाते हैं। विद्यार्थियों को ऐसे किसी भी लालच में न आने, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन ’’1930’’ एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई तथा सभी को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्वालियर पुलिस द्वारा संचालित ’’सेफ क्लिक 2.0’’ अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों, शासकीय कार्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखते हुए एक सुरक्षित एवं जागरूक डिजिटल समाज का निर्माण किया जा सके।





