🔴 20 प्रतिशत ब्याज की वसूली से परेशान होकर आरोपियों ने बनाया था हत्या का प्लान।

ग्वालियर। 16.10.2026 । दिनांक 14.10.2026 को डायल 112 पर सूचना मिली कि भागीरथ गुर्जर निवासी पिपरौली के खेत में एक शव मिला है। उक्त सूचना पर थाना झांसी रोड का पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। शव की शिनाख्त पुरुषोत्तम गुर्जर पुत्र रामहेत गुर्जर उम्र 35 साल निवासी छोटी मडईयां केदारपुर थाना झांसीरोड के रूप में उसके सगे भाई जितेन्द्र के द्वारा की गई। मौके पर वैज्ञानिक एवं वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा निरीक्षण किया गया जिसमें पुरुषोत्तम गुर्जर की हत्या अज्ञात आरोपी द्वारा किसी धारदार हथियार से सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें पहुंचा कर किया जाना पाया गया। मृतक के परिजनों की सूचना पर से थाना झांसीरोड में मर्ग एवं अपराध क्रमांक 337/2026 धारा 103(1) बीएनएस का अज्ञात आरोपी के विरुद्ध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) एवं अति. पुलिस अधीक्षक ग्वालियर शहर(पूर्व) डॉ. श्री शिवेश सिंह बघेल द्वारा मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया गया एवं इस गंभीर सनसनीखेज अपराध की अज्ञात आरोपी की पतारसी के लिये सीएसपी विश्वविधालय श्री रवि भदौरिया ग्वालियर के नेतृत्व में 05 टीमों का गठन किया गया। उक्त टीमों द्वारा लगातार घटनास्थल और आसपास के निवासियों, मृतक के परिजनों, संदेहियों से पूछताछ की गई एवं घटना की परिस्थितियों एवं संभावित कारणों के संबंध में अनुसंधान किया गया और तकनीकी साक्ष्य एकत्रित कर सतत् प्रयासों से घटना के 72 घण्टों के भीतर अंधे कत्ल का खुलासा हुआ।

प्रारम्भिक पूछताछ व विवेचना से स्पष्ट हुआ है कि पुरुषोत्तम गुर्जर की सोहरत ब्याज पर पैसे देने की थी, इस बिन्दू पर अनुसंधान करने पर पता चला कि ग्राम छोटी मडईयां के रहने वाले रमन गुर्जर, राधाकृष्ण गुर्जर, छोटू उर्फ राहुल गुर्जर, विजय उर्फ खेरी गुर्जर ने मृतक पुरुषोत्तम गुर्जर से अत्यधिक ब्याज दर पर जो लगभग 20 प्रतिशत कथित रूप से बताई गई है पर लाखों रूपये कर्ज ले रखा था। मृतक पुरुषोत्तम द्वारा ब्याज की वसूली के लिये रोज लगातार विभिन्न प्रकार से दबाब बनाया जाता था, जिससे आक्रोशित होकर उपरोक्त सभी आरोपियों ने घटना के तीन दिन पहले ग्राम छोटी मडईया में चबूतरा पर एक राय होकर पुरुषोत्तम गुर्जर की हत्या करने की योजना बनाई।

इसी दौरान मृतक पुरुषोत्तम गुर्जर की पत्नि के भाई की एक्सीडेंट में मृत्यु हो जाने से पत्नि रेखा गुर्जर अपने मायके ग्राम पृथ्वीपुरा तिघरा चली गई थी। मौका देखकर दिनांक 13.10.2026 की रात्री लगभग 11 बजे आरोपी रमन गुर्जर ने पुरुषोत्तम को उसके घर के बाहर सोते हुये से जगाया और ब्याज के पैसा देने का लालच देकर और लेनदेन का हिसाब करने के बहाने मृतक के घर के पास घटनास्थल भागीरथ के खेत में ले गये और बातचीत के दौरान अचानक से कुल्हाडी से हमला कर दिया और सभी ने बारी बारी से कुल्हाडी से प्रहार कर पुरुषोत्तम की हत्या कर दी। पूछताछ के दौरान उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर अग्रिम विवेचना कार्यवाही जारी है। उक्त अपराध के संबंध में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका एवं अन्य पहलुओं पर भी जॉच जारी है।

नाम आरोपीगणः-
1. रमन गुर्जर पुत्र स्व0 उत्तम सिंह गुर्जर उम्र 24 साल
2. राधाकृष्ण गुर्जर पुत्र महताब सिंह गुर्जर उम्र 30 साल
3. छोटू उर्फ राहुल गुर्जर पुत्र फकीर सिंह गुर्जर उम्र 23 साल
4. विजय उर्फ खैरी गुर्जर पुत्र बीरासिंह गुर्जर उम्र 28 साल
निवासीगण छोटी मडईयां केदारपुर थाना झॉसीरोड़ जिला ग्वालियर।

keyboard_arrow_up
Skip to content