ग्वालियर। दिनांक 28.03.2026 –
घटना का संक्षिप्त विवरणः- दिनांक 02.06.2025 को फरियादी हेमू उर्फ हेमंत सिकरवार निवासी लाइन नंबर-2 बिरलानगर हजीरा ग्वालियर द्वारा रिपोर्ट लेख कराई थी कि दिनांक 02.06.2025 को रात्रि को मेरे छोटे भाई भोला उर्फ हेमराज सिकरवार को बंटी उर्फ अजय भदौरिया ने पेट में गोली मारी थी, एवं भाई के दोस्त पवन उर्फ कल्लू नाई और मैरे व मेरे भाइयों के ऊपर शिवा राजावत, रानू राजावत, श्याम सिंह भदौरिया, लाला करिया, पुष्पेन्द्र उर्फ पुस्सू भदौरिया ने जान से मारने की नियत से 10-12 राउण्ड फायर किये थे, जिसमें इलाज के दौरान मेरे भाई भोला उर्फ हेमराज को गोली लगने से मृत्यु हो गई थी। फरियादी की रिपोर्ट थाना हजीरा पर अपराध क्र. 219/2025 धारा 103 (2), 109 बीएनएस, 25/27 आर्म्स एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
उक्त प्रकरण में वांछित फरार अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) द्वारा अति० पुलिस अधीक्षक(पूर्व) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे) को थाना हजीरा पुलिस की टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही कराने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हजीरा निरीक्षक जितेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व में थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में वांछित फरार शेष आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना पुलिस टीम को तकनीकी सहायता के आधार पर जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण का एक फरार इनामी आरोपी पुस्सू उर्फ पुष्पेन्द्र सिंह भदौरिया, आगरा के थाना अछनेरा में फरारी काट रहा है। उक्त सूचना पर थाना हजीरा पुलिस की टीम को थाना अछनेरा जिला आगरा(उ0प्र0) भेजा गया। पुलिस टीम द्वारा उक्त इनामी आरोपी की तलाश की गई, इसी दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त आरोपी थाना अछनेरा जिला आगरा(उ0प्र0) में स्थित रायभा रेलवे स्टेशन से कहीं भागने की फिराक में है।
पुलिस टीम रायभा रेलवे स्टेशन के पास पहुंची और वहां से आरोपी पुस्सू उर्फ पुष्पेन्द्र सिंह भदौरिया को धरदबोचा। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम व पता पुस्सू उर्फ पुष्पेन्द्र सिंह भदौरिया पुत्र गोपेन्द्र सिंह भदौरिया निवासी काशी नरेश की गली ग्वालियर का होना बताया। उक्त प्रकरण के संबंध में पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना कारित करना स्वीकार किया। थाना हजीरा पुलिस की टीम उक्त इनामी आरोपी को लेकर ग्वालियर आई और उसे थाना हजीरा के अपराध क्र. 219/2025 धारा 103 (2), 109 बीएनएस, 25/27 आर्म्स एक्ट इजाफा धारा 61(2),249,253 बीएनएस के प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये इनामी आरोपी से घटना में प्रयुक्त हथियार व उसके फरार अन्य साथियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
उक्त आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पकड़े गये आरोपी के खिलाफ पूर्व से 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जो कि थाना ग्वालियर में 07, थाना हजीरा व थाना पड़ाव में 03-03, थाना क्राईम ब्रांच में 02 हैं। जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, मारपीट आदि के दर्ज हैं।
गिरफ्तार इनामी आरोपी :- पुस्सू उर्फ पुष्पेन्द्र सिंह भदौरिया पुत्र गोपेन्द्र सिंह भदौरिया निवासी काशी नरेश की गली ग्वालियर।





