🔴 24 जून से 08 जुलाई तक चलेगा प्रदेशव्यापी ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ अभियान।
🔴 एसएसपी ग्वालियर ने अधिकारियों की बैठक लेकर सौंपे दायित्व, ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ अभियान का शुभारंभ कल।

ग्वालियर, दिनांक 23 जून 2026। पुलिस महानिदेशक महोदय मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाना(भा.पु.से.) के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशव्यापी साइबर जागरूकता अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ का आयोजन दिनांक 24 जून 2026 से 08 जुलाई 2026 तक किया जा रहा है। अभियान के सफल एवं प्रभावी आयोजन हेतु आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भा.पु.से.) द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम, ग्वालियर में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित कर अभियान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए। बैठक में अति0 पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा (भा.पु.से.), अति0 पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर, अति0 पुलिस अधीक्षक(पूर्व) डॉ. श्री शिवेश सिंह बघेल सहित जिले के समस्त सीएसपी, एसडीओपी एवं डीएसपी यातायात, रक्षित निरीक्षक ग्वालियर सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने बैठक में कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध आम नागरिकों को प्रभावित करने वाले सबसे तेजी से बढ़ते अपराधों में शामिल हो गए हैं। ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजनाएं, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं केवाईसी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग लिंक, क्यूआर कोड फ्रॉड तथा साइबर बुलिंग जैसी घटनाओं से बचाव के लिए जनता को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में अभियान के संचालन हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार प्रभावी जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाए। इसी उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा राज्यव्यापी ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ अभियान आयोजित किया जा रहा है और इससे पूर्व भी ‘‘सेफ क्लिक’ अभियान का सफल आयोजन पिछले वर्ष किया गया था।

अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, बैंक शाखाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों, ग्राम पंचायतों तथा सार्वजनिक स्थलों पर साइबर सुरक्षा विषयक जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं, संवाद कार्यक्रम एवं जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म, पम्पलेट, पोस्टर, बैनर, स्टैंडी, एलईडी डिस्प्ले, जागरूकता रथ एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए नागरिकों तक साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाए जाएंगे।

अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को इंटरनेट एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने के प्रति जागरूक करना, साइबर अपराधों की पहचान एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा समाज में “साइबर स्वच्छता” (Cyber Hygiene) की भावना को विकसित करना है। अभियान के दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

keyboard_arrow_up
Skip to content