🔴 *ग्वालियर पुलिस द्वारा 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान के दौरान करीब 66 लाख लोगोें को जागरूकता कार्यक्रम एवं सोशल मीडिया के माध्यम से किया जागरूक।*
🔴 *समापन कार्यक्रम में ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ जागरूकता अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों एवं अभियान में सहयोग करने वाली संस्थाओं व छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।*
🔴 *हैकथॉन, कार्यशालाएं, रैलियां, नुक्कड़ नाटक और जनसंवाद बने अभियान की विशेष पहचान।*

ग्वालियर। 08.07.2026 पुलिस महानिदेशक महोदय मध्यप्रदेश के निर्देश पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा दिनांक 24.06.2026 से 15 दिवसीय सायबर सुरक्षा जागरूकता अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ का आज संपूर्ण मध्यप्रदेश में समापन किया गया। उक्त कार्यक्रम के अनुक्रम में आज पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) की उपस्थित में 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान का समापन किया गया। इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर, अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवेश सिंह बधेल सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण और गणमान्य नागरिक तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में समापन से पहले एसएसपी ग्वालियर द्वारा अभियान में सहयोग व उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों तथा हैकथॉन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी छात्रों एवं विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। ग्वालियर पुलिस द्वारा 15 दिवसीय साइबर जागरूकता कार्यक्रम व सोशल मीडिया के माध्यम से करीब 66 लाख लोगोें को जागरूक किया गया जिसमें शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं, महिला, बच्चे तथा आमजन शामिल हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) ने कहा कि पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के मार्गदर्शन में संचालित ‘‘सेफ क्लिक 2.0‘‘ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना था। अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, अस्पतालों, औद्योगिक संस्थानों, सैन्य प्रतिष्ठानों, शासकीय कार्यालयों, बाजारों एवं सामाजिक संगठनों में कार्यशालाएं, जनसंवाद, रैलियां, नुक्कड़ नाटक, हैकथॉन, सेल्फी पॉइंट, शपथ ग्रहण कार्यक्रम एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर लाखों लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।

उन्होंने कहा कि साइबर जागरूकता अभियान समाप्त हो सकता है, लेकिन साइबर सतर्कता कभी नहीं। प्रत्येक नागरिक को स्वयं सतर्क रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार न बने। उन्होंने कहा कि म.प्र.पुलिस द्वारा चलाया गया यह जन-जागरूकता अभियान साइबर अपराधों की रोकथाम में प्रभावी सिद्ध होगा तथा नागरिकों में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की संस्कृति विकसित करेगा।

अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) द्वारा अपोलो हॉस्पिटल में आयोजित विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों को संबोधित करते हुए वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने उपस्थित सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर तुरंत सतर्क रहें। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल ’’राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930’’ पर शिकायत दर्ज करें अथवा ’’राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल’’ एवं ’’संचार साथी’’ का उपयोग कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

इसी क्रम में थाना पड़ाव द्वारा भोतिकी कोचिंग सेंटर में नगर पुलिस अधीक्षक इंदरगंज श्री रॉबिन जैन के मुख्य आतिथ्य में भव्य साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी जॉब ऑफर, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी एवं यूपीआई धोखाधड़ी सहित विभिन्न साइबर अपराधों से बचने के उपाय विस्तार से बताए गए। इस अवसर पर साइबर सुरक्षा संबंधी शपथ ग्रहण कराई गई, जागरूकता पेम्पलेट वितरित किए गए तथा विद्यार्थियों को किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल ’’1930 हेल्पलाइन’’ एवं ’’राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल’’ का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। थाना प्रभारी पडाव शैलेन्द्र भार्गव एवं पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व मित्रों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

थाना भितरवार में एसडीओपी भितरवार श्री जितेन्द्र नगाइच द्वारा दाऊ धाम धर्मशाला में एसआईटीएम स्कूल, एडीएम स्कूल, स्वर्गाश्रम स्कूल, उत्कृष्ट विद्यालय, चाइल्ड जोन एवं आकांक्षा स्टडी क्लासेस के विद्यार्थियों को एकत्रित कर साइबर अपराधों, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया एवं निवेश धोखाधड़ी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को 1930 हेल्पलाइन, एनसीआरपी पोर्टल, संचार साथी एवं साइबर दोस्त के संबंध में जानकारी देकर साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के उपरांत दाऊ धाम धर्मशाला से मुख्य मार्ग, थाना परिसर एवं मुख्य तिराहे होते हुए काली माता प्रांगण तक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। इस अवसर पर थाना प्रभारी भितरवार निरीक्षक सुधीर सिंह कुशवाह, सहित थाना का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।

साइबर जागरूकता अभियान के अंतिम दिन आज दिनांक 08.07.2026 को ग्वालियर पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्कूल/कॉलेज के छात्रों तथा आमजनों को सायबर अपराधों के संबंध में जागरूक किया जाकर जागरूकता संबंधी पम्पलेट वितरित किये गये तथा उन्हे बताया गया कि साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर क्राइम हेल्प लाइन नम्बर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को सायबर सुरक्षा अभियान संबंधी शपथ भी दिलवाई गई।

keyboard_arrow_up
Skip to content