ग्वालियर। 25.09.2025। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर दिनांक 23.09.2025 से 02.10.2025 तक संपूर्ण प्रदेश ‘‘मैं हॅूं अभिमन्यु’’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा समाज में पुरुष वर्ग को महिला संबंधी अपराधों के प्रति संवेदनशील बनाना है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तारतम्य में ग्वालियर पुलिस द्वारा भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देश पर तथा अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व/यातायात) श्रीमती विदिता डागर,भापुसे के मार्गदर्शन में ‘‘मैं हॅूं अभिमन्यु’’ अभियान चलाया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों परिपालन में ‘‘मैं हॅूं अभिमन्यु’’ अभियान के तीसरे दिन आज दिनांक 25.09.2025 को अति. पुलिस अधीक्षक (पूर्व/यातायात) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे), सीएसपी लश्कर श्रीमती किरण अहिरवार की उपस्थिती में महाराज बाड़ा पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें गजराराजा स्कूल की छात्राओं ने भाग लिया। रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को शील्ड व प्रमाण पत्र दिये गए तथा सभी छात्राओं को प्रशंसा हेतु प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी उनि0 रश्मि भदौरिया, थाना प्रभारी कोतवाली उनि0 मोहिन वर्मा, समाज सेवी संजय कट्टल सहित विभिन्न थानो की ऊर्जा डेस्क की प्रभारीगण, स्कूली छात्राएं व स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।

इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व/यातायात) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे) ने उपस्थित छात्राओं तथा स्कूल स्टाफ को महिलाओं की सुरक्षा व समानता तथा पुरुष वर्ग में नारी के प्रति सम्मान का भाव बढ़ाने के उद्देश्य से चलाये जा रहे ’मैं हूँ अभिमन्यु’ अभियान से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल अपराध, महिला संबधी अपराध, साइबर अपराध से बचाव हेतु जागरूक किया गया। वर्तमान समय में हो रहे साइबर संबंधी अपराधों जैसे ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, साइबर ब्लैकमेलिंग, हाउस अरेस्ट, साइबरस्टॉकिंग आदि जैसे अपराधों के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया। उपस्थित छात्राओं को मध्यप्रदेश पुलिस की डायल 112 सेवा, 1090 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन से भी अवगत कराया गया और छात्राओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थित में तत्काल पुलिस को सूचित करें और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्यवाही के लिये ग्वालियर पुलिस आपके साथ है। कार्यक्रम के दौरान महाराज बाड़ा पर ‘‘मैं हॅूं अभिमन्यु‘‘ शुभंकर के कटआउट लगाकर महिला अपराध के प्रति जागरूक कर अभिमन्यु शुभंकर के साथ सेल्फी भी ली गई।
इसी प्रकार थाना हजीरा क्षेत्रातंर्गत भगवत सहाय कॉलेज में थाना प्रभारी हजीरा उपनिरीक्षक अशोक तोमर एवं उपनिरीक्षक सुमन धाकड़ व थाना स्टॉफ द्वारा “मैं हूं अभिमन्यु“ अभियान-03 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें समाज में मौजूद कुरीतियों नशा, दहेज, अश्लीलता, महिला संबंधी अपराधों की जानकारी, लैंगिक भेदभाव, बेड टच-गुड टच, साइबर संबंधी अपराध, डिजिटल अरेस्ट, यातायात नियमों आदि की जानकारी देकर जागरूक किया गया साथ ही साइबर, चाइल्ड, महिला सहायता संबंधी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी प्रदान की गई। इस कार्यक्रम में लगभग 80 बच्चे उपस्थित रहे।
थाना बेहट में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में थाना स्टाफ के साथ “मैं हूं अभिमन्यु“ अभियान 03 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें अभिमन्यु अभियान 03 के तहत समाज में मौजूद कुरीतियों नशा, लैगिंग भेदभाव, दहेज प्रथा, अश्लीलता, साइबर संबंधी अपराध, डिजिटल अरेस्ट, यातायात नियमों आदि की जानकारी दी गई एवं साइबर, चाइल्ड, महिला सहायता संबंधी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर हेल्पलाइन नंबर के पेम्प्लेट्स भी वितरित किए गए।





