🔴 आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपने स्थाई पते से अलग रहकर रिश्तेदार के यहाँ और दूसरे घर पर रहकर फरारी काट रहा था।
ग्वालियर। 30.05.2026
घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादिया पूजा(परिवर्तित नाम) निवासी झांसीरोड ग्वालियर ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ थाना झॉसीरोड़ में एक शिकायती आवेदन पत्र आरोपी दीपांशु बाथम के विरूद्ध नाबालिग़ के साथ छेड़छाड़, नौकरी का झाँसा देकर फरियादिया के साथ दुष्कर्म, धमकी आदि का अपराध पंजीबद्ध करने के लिए दिया था। जिस पर से थाना झांसीरोड ग्वालियर पर अपराध क्रमांक 134/2026 धारा 69,74,351(3) बीएनएस, 7,8 पॉक्सो एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। दौराने विवेचना प्रकरण में आए साक्ष्य, पीड़िता कथन के अनुसार उक्त प्रकरण में धारा 64(2)(एम),65(1) बीएनएस 5एल ,6 पॉक्सो का इजाफा किया गया।
उक्त मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) को थाना झांसीरोड पुलिस टीम से उक्त प्रकरण में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कराने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी विश्वविद्यालय हिना खान(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी झांसीरोड निरी0 शक्ति सिंह यादव के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में वांछित आरोपी को पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश उसके निवास व छिपने के संभावित जगहों पर की गई। इसी दौरान आज दिनांक 30.05.2026 को पुलिस टीम को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण का आरोपी दीपांशु बाथम अपने दूसरे घर सूर्य नगर में है। उक्त सूचना पर से पुलिस टीम ने थाना डबरा सिटी के बल को साथ मे लेकर आरोपी के निवास सूर्य नगर बल्ला का डेरा में दविश दी तो एक लड़का पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपांशु उर्फ अन्शू बाथम पुत्र स्व.मनोज बाथम उम्र 22 साल निवासी कमलेश्वर कॉलौनी डबरा हाल सूर्य नगर (बल्ला का डेरा) डबरा जिला ग्वालियर होना बताया।
उक्त आरोपी से प्रकरण के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपराध कारित करना स्वीकार किया। जिस पर से पुलिस टीम द्वारा आरोपी को थाना झॉसीरोड़ के अपराध सदर में विधिवत गिरफ्तार किया गया। उक्त आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपने स्थाई पते से अलग रहकर रिश्तेदार के यहाँ और दूसरे घर पर रहकर फरारी काट रहा था।





