ग्वालियर दिनांक 22.03.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को लंबित गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की शीघ्र धरपकड़ कर अपराधों के निकाल कराने के निर्देश दिये गये हैं। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में अति. पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) द्वारा थाना प्रभारी मुरार को वर्ष 2022 के अप. क्र. 747/22 धारा 304ए,420,308,316,120बी भादवि में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने के निर्देश दिये।
*घटना का संक्षिप्त विवरण* :- फरियादी जीतेन्द्र शर्मा निवासी मेहरा गाँव, थाना थाठीपुर, ग्वालियर द्वारा थाना मुरार में शिकायत प्रस्तुत की गई कि उसकी पत्नी श्रीमती प्राची शर्मा (आयु 29 वर्ष) की डिलेवरी के दौरान रूद्राक्ष हॉस्पिटल मुरार के प्रबंधन, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ द्वारा गंभीर लापरवाही बरती गई। बताया गया कि श्रीमती प्राची शर्मा पूर्व में सिजेरियन डिलेवरी से एक संतान को जन्म दे चुकी थी तथा दूसरी गर्भावस्था के दौरान उनका उपचार डॉ. रजनी जैन द्वारा किया जा रहा था, जिन्होंने सिजेरियन डिलेवरी की सलाह दी थी। दिनांक 20.11.2021 को प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें शासकीय जच्चा खाना मुरार ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर उपस्थित डॉ. अनीता श्रीवास्तव द्वारा उन्हें रूद्राक्ष हॉस्पिटल में भर्ती कराने की सलाह दी गई। रूद्राक्ष हॉस्पिटल में भर्ती के बाद संबंधित चिकित्सकों द्वारा समय पर सिजेरियन ऑपरेशन नहीं किया गया। दिनांक 21.11.2021 को प्रातः प्रसव पीड़ा बढ़ने पर बिना चिकित्सक की उपस्थिति में अपात्र नर्सिंग स्टाफ द्वारा जबरन सामान्य डिलेवरी का प्रयास किया गया, जिससे पूर्व सिजेरियन ऑपरेशन के टांके खुल गए एवं गर्भाशय फट गया, परिणामस्वरूप अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और गर्भस्थ शिशु की मृत्यु हो गई। बाद में मरीज की गंभीर स्थिति होने पर विभिन्न अस्पतालों में रेफर किया गया, अंततः अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल में ऑपरेशन कर मरीज की जान बचाई गई, जिसमें गर्भाशय निकालना पड़ा।
शिकायत के अनुसार अस्पताल में अपात्र स्टाफ द्वारा कार्य कराया जाना, योग्य चिकित्सकों की अनुपस्थिति एवं उपचार में घोर लापरवाही पाई गई। जांच में भी अस्पताल संचालन में अनियमितताएं एवं चिकित्सकीय लापरवाही की पुष्टि होना बताया गया है। अतः फरियादी द्वारा संबंधित चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अस्पताल प्रबंधन के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर विधि अनुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
आवेदन पत्र की जांच उपरांत आरोपियों के विरुद्ध थाना मुरार में दिनांक 02.09.2022 को आरोपी पुष्पलता, अनीता श्रीवास्तव, ज्योतिष्ना सिंह, मनप्रीत कौर, संजीव शर्मा, प्रभा, एवं मीना के खिलाफ अपराध क्रमांक 747/22 धारा 304ए,420,308,316,120बी भादवि के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक मैना पटेल द्वारा उक्त प्रकरण में फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु थाना मुरार पुलिस की एक टीम को लगाया गया। दौराने विवेचना तकनीकी सहायता के आधार पर ज्ञात हुआ कि उक्त प्रकरण की एक आरोपिया प्रभा यादव, गाजियाबाद(उ.प्र.) में फरारी काट रही हैं
उक्त सूचना पर पुलिस की एक टीम को गाजियाबद भेजा गया, आज दिनांक 22.03.2026 को थाना मुरार पुलिस की टीम द्वारा गाजियाबद में थाना खेड़ा स्थित राजीव नगर से उक्त प्रकरण में फरार आरोपिया प्रभा यादव पुत्री सोबरन सिंह यादप निवासी मुबारिकपुर एटा (उ.प्र.) को पकड़ लिया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा दो हजार का इनाम घोषित किया गया था। उक्त प्रकरण में पूर्व में पुलिस द्वारा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।





