ग्वालियर। 28.05.2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने एवं अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त करने वालों के विरूद्ध जिले में प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में अति0 पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) द्वारा अधीनस्थ समस्त थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र में वाहनों की रेंडम चेकिंग करने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरी0 धर्मेन्द्र सिंह यादव के द्वारा थाना गोला का मंदिर पुलिस को क्षेत्र में रेंडम वाहन चेकिंग करने हेतु लगाया गया। दिनांक 27.05.2026 को पुलिस टीम सरला फार्म रोड़ तिराहा पर चेकिंग कर रही थी, इसी दौराने गोला का मंदिर की तरफ से एक लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी07-जेडजे-9296 आता दिखा, पुलिस चेकिंग को देखकर उक्त वाहन का चालक वाहन को पीछे तरफ ले जाने की कोशिश करने लगा जिसे पुलिस टीम द्वारा रोका तो उक्त वाहन से एक व्यक्ति नीचे उतर कर भाग गया। वाहन चलाने वाले का नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम अभिलाख सिह पुत्र चंद्रभान जाटव उम्र 36 साल निवासी कठवां हाजी थाना गोहद जिला भिण्ड तथा उसके बगल में बैठे व्यक्ति का नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम दशरथ सिंह गुर्जर पुत्र कदम सिह गुर्जर उम्र 45 साल निवासी जिलेदार का पुरा थाना मालनपुर जिला भिण्ड का होना बताया।

उक्त दोनों व्यक्तियों की तलाश ली गई तो दशरथ गुर्जर के कमर में बायीं तरफ पेंट के नीचे एक 315 बोर का देशी कट्टा खुरसा मिला एवं पेंट की दाहिनी जेब में एक 315 बोर का जिंदा राउण्ड मिला। पुलिस द्वारा लोडिंग गाड़ी की तलाशी ली को उसमे करीबन 150 किलो ग्राम बिजली का तार मिला जिसके सम्बध मे वाहन चालक अभिलाख सिंह ने पूछताछ में उक्त माल चोरी का होना बताया। गाड़ी से भागने वाले व्यक्ति का नाम पता पूछा तो उन्होने उसका नाम रोहिणी रावत निवासी बार्ड क्रमांक 01 गोहद भिण्ड का होना बताया। आरोपीगण दशरथ सिह गुर्जर, अभिलाख सिंह जाटव तथा रोहिणी रावत का कृत्य अपराध धारा 25/27 आर्म्स एक्ट एवं धारा 303(2) बीएनएस का दण्डनीय होने से आरोपी दशरथ सिह गुर्जर के कब्जे से एक 315 बोर का देशी कट्टा तथा एक जिंदा राउण्ड जप्त किया गया और आरोपी अभिलाख सिंह जाटव के कब्जे से एक लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी07-जेडजे-9296 व लगभग 150 किलोग्राम बिजली का तार जप्त कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर अवैध हथियार व चोरी के बिजली के तार से संबंध में पूछताछ की जा रही है और आरोपियों के फरार साथी रोहिणी रावत की पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
जप्तशुदा माल: एक 315 बोर का कट्टा मय एक जिंदा राउंड तथा लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी07-जेडजे-9296 मय करीबन 150 किलोग्राम बिजली का तार कुल जप्त मशरूका कीमती लगभग 01 लाख 72 हजार रूपये का जप्त किया।





