वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह के निर्देश एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विशेष हेलमेट एवं सीटबेल्ट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री सुजावल जग्गा के नेतृत्व में आज मुरार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने हेतु व्यापक कार्रवाई की गई।
यातायात व्यवस्था में सुधार एवं सड़क पर आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से मुरार क्षेत्र के प्रमुख मार्गों एवं स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया तथा यातायात को बाधित करने वाले तत्वों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रवर्तन एवं चालानी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान यातायात जागरूकता को विशेष महत्व देते हुए आदर्श विज्ञान महाविद्यालय, नाका चंद्रवदनी एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज, ग्वालियर में जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग, यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन, ओवरस्पीडिंग से बचाव एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग 326वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर ₹..
1,37,500 शमन शुल्क वसूल किया गया।
ग्वालियर पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ आमजन एवं विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।





