🔴 घटना के बाद आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले, पीली शर्ट व काला लोअर पहने आरोपी की हुई पहचान।
ग्वालियर दिनांक 04.10.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण:- दिनांक 04.10.2026 को फरियादी बलवीर राठौर निवासी ग्राम पदमपुर खेरिया, थाना महाराजपुरा, ग्वालियर ने थाना गोला का मंदिर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 03.10.2026 को सुघर सिंह निवासी ग्राम पदमपुर खेरिया, आलू लेने मंडी गया था। उसके द्वारा 10 पैकेट आलू लोडिंग वाहन से भेजे गए थे। सुघर सिंह के घर वापस न लौटने पर फरियादी द्वारा गोला का मंदिर चौराहा पर तलाश करने पर मारुति सुजुकी के गार्ड जितेन्द्र सिंह ने बताया कि रात्रि करीब 12ः30 बजे गोला का मंदिर चौराहा स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने दो व्यक्ति शराब के नशे में आपस में गाली-गलौच एवं विवाद कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने सुघर सिंह के सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया और उसके सिर से खून निकलने लगा। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुघर सिंह को अस्पताल ले गई। बाद में उसे ट्रामा सेंटर जेएएच अस्पताल रेफर किया गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना गोला का मंदिर में अपराध क्रमांक 370/26, धारा 109(1) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। उपचार के दौरान सुधर सिंह मृत्यु होने से प्रकरण में धारा 103 बीएनएस इजाफा की गई।
उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) द्वारा पुलिस की टीम बनाकर उक्त प्रकरण में वांछित अरोपी की पतारसी कर धरपकड़ हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एवं सीएसपी मुरार श्री संदीप बांगरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को आरोपी की पतारसी कर पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल पर लगे सीसीटीव्ही फुटेज को चेक किया गया जिसमें एक व्यक्ति जो पीली शर्ट व काला लोअर पहने हुए मृतक को जान से मारने की नियत से पत्थर से मारकर घायल कर रहा था। पुलिस द्वारा फुटेज में दिख रहे आरोपी की तलाश घटना स्थल के आसपास की गई और आरोपी की पतारसी हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
आज दिनांक 04.10.206 को पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त घटना के सीसीटीव्ही फुटेज में दिख रहे हुलिया का एक व्यक्ति सूर्य मंदिर रोड़ पर देशी कलारी के पास खड़ा है। उक्त सूचना पर पुलिस द्वारा मुखबिर के बताये स्थान पर जाकर आरोपी की धरदबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम व पता शंकर सिंह कुशवाहा पुत्र स्व. हरि सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी श्याम सुन्दर के बाड़े के पास सुभाष नगर भिण्ड का होना बताया। पकड़े गये आरोपी द्वारा उक्त घटना कारित करना स्वीकार किया। थाना गोला का मंदिर पुलिस द्वारा आरोपी को हत्या के प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार किया जाकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:- शंकर सिंह कुशवाहा पुत्र स्व. हरि सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी श्याम सुन्दर के बाड़े के पास सुभाष नगर भिण्ड





