🔴 मृतिका की मृत्यु की सूचना न देकर लाश छिपाने वाले ससुराल वालों पर भी पुलिस द्वारा की जा रही कार्यवाही।
ग्वालियर। 01.06.2026
घटना का संक्षिप्त विवरणः- दिनांक 31.05.2026 को थाना थाटीपुर क्षेत्र के तृप्तिनगर, नदीपार टाल में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत होने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जांच की। मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि अतर सिंह कुशवाह के घर पर एक महिला की मौत हो गई है तथा परिजन शव को घर में रखे हुए हैं। सूचना की तस्दीक हेतु थाना थाटीपुर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां घर के एक कमरे में फ्रीजर में कपड़े से ढंका महिला का शव रखा मिला। पूछताछ में परशुराम कुशवाह ने बताया कि मृतिका उसकी बहू ज्योति उर्फ जान्हवी पत्नी मनोज कुशवाह उम्र 31 वर्ष है, जिसकी सुबह सिर में गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस जांच में मृतिका के सिर पर खून से सनी सफेद रंग की बैंडेज बंधी मिली। मौके पर एफएसएल अधिकारी को बुलाकर शव एवं घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया गया। प्रथम दृष्टया महिला की मौत सिर में गोली लगने से होना पाया गया। इस संबंध में थाना थाटीपुर में मर्ग क्रमांक 23/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान मृतिका के ससुर परशुराम कुशवाह एवं देवर सागर कुशवाह, सचिन कुशवाह व राजकुमार कुशवाह से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि मृतिका के देवर योगेश कुशवाह द्वारा पिस्टल से अचानक गोली चल जाने के कारण यह घटना हुई। पीएम रिपोर्ट में भी मृतिका की मृत्यु फायर आर्म्स से होना लेख किया गया। विवेचना में पाया गया कि आरोपी योगेश कुशवाह द्वारा यह जानते हुए भी कि गोली चलाने से मृत्यु हो सकती है, लापरवाहीपूर्वक फायरिंग की गई, जिससे महिला की मौत हुई। उक्त कृत्य प्रथम दृष्टया अपराध धारा 105 बीएनएस के अंतर्गत पाए जाने पर थाना थाटीपुर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 175/26 धारा 105 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।4
उक्त मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल,भापुसे को थाना ठाठीपुर पुलिस से उक्त मामले की गंभीरता से जांच कर प्रकरण में वांछित आरोपी के खिलाफ शीध्र कार्यवाही कराने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी थाटीपुर निरी0 विपेन्द्र सिंह चौहान के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में वांछित मुख्य आरोपी को पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना आज दिनांक 01.06.2026 को थाना थाटीपुर पुलिस द्वारा उक्त प्रकरण में मुख्य आरोपी योगेश कुशवाह पुत्र परशुराम कुशवाह उम्र 21 वर्ष निवासी तृप्ति नगर थाटीपुर को गिरफ्तार किया जाकर उसे घटना के संबंध में पूछताछ की गई तो उसके द्वारा मृतिका ज्योति के बच्चे के दष्टौन कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायर के लिए अवैध पिस्तौल लाना तथा हर्ष फायर करने की बात बताई। आरोपी ने घटना दिनांक को सुबह उक्त अवैध पिस्टल से ज्योति के साथ मजाक करने के दौरान गोली चल जाने से उसकी मृत्यु होने की बात बताई है। पुलिस द्वारा आरोपी की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल जप्त की गई। इस प्रकरण में मृतिका के ससुराल पक्ष द्वारा मृतिका ज्योति की मृत्यु की सूचना पुलिस को नहीं दी गई तथा साक्ष छुपाने की दृष्टि से लाश को फ्रीजर में रखा गया था। इस कृत्य में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध भी पुलिस द्वारा कानूनी कार्यवाही की जा रही है।





