🔴 ग्वालियर पुलिस ने आमजनों से नशे से दूर रहने, दूसरों को जागरूक करने एवं नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
🔴 जिले के अन्य थानों द्वारा स्कूल/कॉलेजों, सार्वजनिक स्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर उन्हे नशे के दूर रहने की सलाह देकर नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
ग्वालियरः 20.07.2026- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 दिवसीय “नशे से दूरी है जरूरी 2.0“ जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के पांचवे दिन आज दिनांक 19.07.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर तथा अभियान की नोडल अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में आज ग्वालियर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित करना है। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं खेल मैदानों में पहुंचकर नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ अभियान के अंतर्गत आज थाना महाराजपुरा पुलिस द्वारा बिरला ओपन माइंड स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक महाराजपुरा की उपस्थिति में उप निरीक्षक क्षमा राजौरिया द्वारा विद्यार्थियों को शराब, तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी, गांजा, भांग, चरस एवं अन्य सभी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें किसी भी प्रकार के नशे से स्वयं दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को सभी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने की शपथ दिलाई गई।
थाना इंदरगंज पुलिस द्वारा जीवाजी राव स्कूल, इंदरगंज में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप निरीक्षक पायल शर्मा ने बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के साथ-साथ उसके सामाजिक एवं कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को कमजोर कर अपराध, हिंसा एवं दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करें तथा यदि कहीं नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार या सेवन होता दिखाई दे तो उसकी सूचना पुलिस को दें। कार्यक्रम में सभी ने नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने की सामूहिक शपथ ली।
थाना कोतवाली पुलिस द्वारा महाराज बाड़ा क्षेत्र में आमजन एवं व्यापारियों के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यवाहक उप निरीक्षक अरविंद कुमार चौधरी द्वारा दुकानदारों, राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया गया कि शराब, तंबाकू, सिगरेट, गुटखा एवं अन्य मादक पदार्थ न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
थाना हस्तिनापुर पुलिस द्वारा ग्राम आरोली में ग्रामीणों के बीच नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणजनों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने, अपने परिवार के युवाओं एवं बच्चों को भी नशे की लत से बचाने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम आरोली में नशामुक्ति अभियान के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता पम्पलेट एवं पोस्टर चस्पा किए गए, साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को सभी प्रकार के नशे से दूर रहने एवं अपने गांव को नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
आज थाना हजीरा पुलिस द्वारा खेल मैदान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी हजीरा निरीक्षक जितेंद्र सिंह तोमर ने उपस्थित खिलाड़ी युवाओं को शराब, तंबाकू, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं को सभी प्रकार के नशे से दूर रहने एवं समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई, ताकि समाज को सुरक्षित एवं नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इसी प्रकार जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गये।
keyboard_arrow_up
Skip to content