🔴 मुख्य आरोपी की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त रिवाल्वर, एक चला हुआ खोखा, एक जिंदा राउण्ड एवं बिना नम्बर की अल्ट्रोज कार जप्त।

ग्वालियर दिनांक 15.11.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण:- फरियादी विश्वनाथ प्रताप देव सेंगर निवासी के.डी. इन्क्लेव, जे.जे. पुरम, पिन्टो पार्क ग्वालियर ने थाना गोला का मंदिर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह द रॉयल क्लास होटल, भिण्ड रोड गोला का मंदिर में जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत है। दिनांक 14.11.2026 की रात्रि करीब 10ः50 बजे वह होटल के गेट पर ड्यूटी कर रहा था, तभी मनमोहन तोमर, आशीष शर्मा, अरुण शर्मा एवं अभिषेक शर्मा बिना नम्बर की अल्ट्रोज कार से होटल पहुंचे। होटल के ड्राइवर शैलेन्द्र तोमर द्वारा कार पार्क करने के लिए कहने पर चारों व्यक्ति गाली-गलौज करने लगे। फरियादी द्वारा गाली देने से मना करने पर आरोपी मनमोहन तोमर ने कट्टे से दो राउण्ड फायर किए, जो फरियादी के बगल से निकल गए। इसके बाद चारों आरोपी फरियादी को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना गोला का मंदिर में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 436/26, धारा 110, 296(बी), 3(5), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

उक्त घटना को संज्ञान में लेते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी (भापुसे) द्वारा प्रकरण के वांछित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी मुरार श्री संदीप बांगरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव द्वारा पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश में लगाया गया।

दौराने विवेचना थाना गोला का मंदिर पुलिस टीम को मुखबिर सूचना के आधार पर प्रकरण के चारों आरोपियों 1. मनमोहन सिंह तोमर निवासी गिरराजधाम, रामनगर थाना महाराजपुरा ग्वालियर, 2. अभिषेक शर्मा निवासी करौली माता मंदिर, महलगांव थाना विश्वविद्यालय ग्वालियर, 3. आशीष शर्मा निवासी गिरराज धाम कॉलोनी, रामनगर थाना महाराजपुरा ग्वालियर एवं 4. अरुण शर्मा निवासी गिरराज धाम, रामनगर थाना महाराजपुरा ग्वालियर को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पूछताछ में आरोपियों द्वारा दिनांक 14.11.2026 की रात्रि को उक्त घटना कारित करना स्वीकार किया गया।

पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी मनमोहन सिंह तोमर की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक रिवाल्वर, एक 32 बोर का चला हुआ खोखा, एक 32 बोर का जिंदा राउण्ड, एवं रिवाल्वर का लाइसेंस तथा बिना नम्बर की एक अल्ट्रोज कार जप्त की गई। पुलिस द्वारा चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उनका न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने पर जेल वारंट जारी किया गया। इसके पश्चात चारों आरोपियों को केन्द्रीय जेल ग्वालियर दाखिल कराया गया।

गिरफ्तार आरोपीगण:-
1. मनमोहन सिंह तोमर पुत्र भगवान सिहं तोमर उम्र 34 साल निवासी गिरराजधाम रामनगर ग्वालियर,
2. अभिषेक शर्मा पुत्र अशोक शर्मा उम्र 31 साल निवासी करोली माता मंदिर महलगांव ग्वालियर
3. आशीष शर्मा पुत्र जयप्रकाश शर्मा उम्र 36 साल निवासी गिरराज धाम कालोनी रामनगर ग्वालियर,
4. अरुण शर्मा पुत्र जयप्रकाश शर्मा उम्र 34 साल निवासी गिरराज धाम राम नगर ग्वालियर

*जप्त मशरूका*:- घटना में प्रयुक्त एक रिवाल्वर व एक 32 बोर का चला हुआ खोका व एक 32 बोर का जिंदा राउंड व लायसेंस तथा एक बिना नम्बर की अल्ट्रोज कार जप्त की गई।

सराहनीय भूमिका:- थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव, उनि. तुलाराम कुस्तवार, आर. राहुल भदौरिया, आर. देवेन्द्र गुर्जर, आर. अनिल गुर्जर, आर. कुलदीप गुर्जर, आर. वीरेन्द्र श्रीवास, आर. राहुल शर्मा, आर. सूरज लोधी, आर. गोविन्द राजावत की सराहनीय भूमिका रही।

keyboard_arrow_up
Skip to content